गुरुग्राम। प्रसिद्ध श्री शीतला माता मंदिर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर में सुबह कपाट खुलते ही दर्शन के लिए भक्त पहुंचने लगे। दी गई जानकारी के मुताबिक, पहले दिन करीब 2 से 3 लाख श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। नवरात्र के नौ दिनों तक मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रहेंगे। मंदिर प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए इंतजाम किए हैं।

नवरात्र के पहले दिन मंदिर में उमड़ी भीड़

सुबह से ही श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचने लगे। भक्तों ने शीश नवाकर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजता रहा। पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा।

11 से 20 तारीख तक चलेगा नवरात्र मेला

श्री शीतला माता श्राइन बोर्ड के सीईओ सुमित कुमार ने बताया कि नवरात्र मेला 11 से 20 तारीख तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान नवरात्र के नौ दिनों तक माता का दरबार 24 घंटे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुला रहेगा।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया गया है।

सुरक्षा और सुविधाओं के लिए इंतजाम

नवरात्र मेले में भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की ओर से व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पीने के पानी, साफ-सफाई और भीड़ प्रबंधन पर ध्यान दिया जा रहा है।

मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों तथा पुलिस बल के जरिए निगरानी रखी जा रही है। इसका उद्देश्य दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी कम करना है।

पार्किंग को लेकर प्रशासन की अपील

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपने वाहन सड़कों पर खड़े करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है। इससे यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और दूसरे श्रद्धालुओं के आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

आगामी दिनों में भी बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m