गुड़गांव। नवरात्र के अवसर पर गुड़गांव के शीतला माता मंदिर के दरबार को सवा लाख सिक्कों से सजाया गया है। माता की चौकी से लेकर सामने के हिस्से तक सिक्कों से सजावट की गई है। यह सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। शीतला माता श्राइन बोर्ड के सीईओ सुमित कुमार के मुताबिक, हर नवरात्र में दरबार को अलग रूप दिया जाता है। इस बार सिक्कों का इस्तेमाल किया गया है।

पिछले नवरात्र में ड्राई फ्रूट से सजा था दरबार

सुमित कुमार ने बताया कि पिछले नवरात्र में श्रद्धालुओं के सुझाव पर दरबार को ड्राई फ्रूट से सजाया गया था। हालांकि, नवरात्र समाप्त होने के बाद ड्राई फ्रूट खराब हो गया था। इसके कारण उसे नष्ट करना पड़ा।

इस बार नुकसान से बचने के लिए सजावट में सिक्कों का इस्तेमाल किया गया है। इस तरह दरबार को नया रूप भी दिया गया है और सजावट में इस्तेमाल की गई सामग्री को दोबारा उपयोग में लाने की व्यवस्था भी रखी गई है।

नवरात्र मेला खत्म होने पर खजाने में लौटेंगे सिक्के

श्राइन बोर्ड के सीईओ के अनुसार, नवरात्र मेला समाप्त होने के बाद सजावट में इस्तेमाल किए गए सभी सिक्कों को वापस माता के खजाने में जमा कर दिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m