Sirsa Farmer Jile Singh Case : सिरसा। ‘SP नौकर है मेरा’ कहकर पुलिसकर्मियों से उलझने वाले किसान जिले सिंह का छह दिन से कोई सुराग नहीं है। उसके परिजनों का आरोप है कि पुलिस उसे घर से उठाकर ले गई। अब उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। परिवार ने थाने पहुंचकर जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने जिले सिंह के बारे में कुछ भी पता होने से इनकार कर दिया।
मामला उस वीडियो से जुड़ा है, जो 9 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें जिले सिंह एक पुलिसकर्मी से बहस करता दिखाई दे रहा है। विवाद उसकी ब्रेजा कार पर पुलिसकर्मी के हाथ मारने को लेकर हुआ था। बताया जा रहा है कि यह घटना करीब एक महीने पुरानी है।
वीडियो में जिले सिंह पुलिसकर्मी पर उसकी गाड़ी को थप्पड़ मारने का आरोप लगाता सुनाई देता है। वह कहता है, ‘जानता नी कौन हूं मैं। जिले सिंह नाम है मेरा।’ इसके बाद वह पुलिस पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाता है। वीडियो में वह एसपी और डीसी को बुलाने की बात कहते हुए यह भी बोलता है कि ‘SP नौकर है मेरा। आम जनता का नौकर है।’
वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज हुआ केस
वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस की ओर से जिले सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। उस पर सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और दुर्व्यवहार करने के आरोप हैं। इसके बाद से ही यह मामला चर्चा में है।
अब परिवार के मुताबिक, जिले सिंह पिछले छह दिनों से लापता है। परिजनों को आशंका है कि उसे पुलिस अपने साथ ले गई। परिवार के लोग और पंचायत के सदस्य जब थाने पहुंचे तो उन्हें उसकी मौजूदगी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
परिजनों की अपील पर बुलाई पंचायत
किसान का पता नहीं चलने से परिजन परेशान हैं। उन्होंने ग्रामीणों से मदद की अपील की है। इसी के बाद वीरवार को गांव में पंचायत बुलाने का फैसला लिया गया है। परिवार जिले सिंह के बारे में जानकारी चाहता है।
एसपी बोले- फरार चल रहा है किसान
इस मामले में सिरसा के एसपी दीपक सहारण ने परिजनों के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि जिले सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज है और वह फरार चल रहा है। परिजन उनसे मिलने आए थे। पुलिस उसे जल्द पकड़ने का प्रयास कर रही है। एसपी के मुताबिक, जिले सिंह के पकड़े जाने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल इस मामले में दो अलग-अलग दावे सामने आए हैं। परिजन पुलिस पर किसान को घर से ले जाने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि पुलिस उसे फरार बता रही है। जिले सिंह कहां है, इसका पता चलना अभी बाकी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

