बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री और आवामी लीग प्रमुख शेख हसीना ने संकेत दिया है कि वह इस वर्ष दिसंबर में अपने देश लौट सकती हैं। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स को दिए साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि वापसी के बाद उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है या उनकी हत्या भी हो सकती है, लेकिन इसके बावजूद वह अपने देश लौटने का फैसला कर चुकी हैं।

हसीना ने कहा, “हो सकता है कि लौटते ही मुझे गिरफ्तार कर लिया जाए या मुझे मार दिया जाए, लेकिन मुझे जाना होगा। अगर मौत आती है तो मैं चाहती हूं कि वह मेरी अपनी धरती पर आए, जहां मेरे माता-पिता दफन हैं और जहां उनका खून बहा था।”

भारत पर दबाव, लेकिन खुद लौटने का दावा

दिल्ली में निर्वासन के दौरान रह रहीं हसीना ने कहा कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार लगातार भारत सरकार को उन्हें वापस भेजने के लिए पत्र लिख रही है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी विदेशी सरकार से अपनी वापसी को लेकर कोई सलाह या समन्वय नहीं किया है।

उन्होंने कहा, “मैं खुद लौटूंगी। हमारे सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज हैं। कई लोग छिपे हुए हैं। हम सभी अदालत में जाकर आत्मसमर्पण करेंगे।”

वापसी की तारीख और अदालत का नहीं किया खुलासा

शेख हसीना ने अपनी संभावित वापसी की सटीक तारीख बताने से इनकार किया। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि वह किस अदालत में आत्मसमर्पण करेंगी। उनका कहना है कि उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा है और कानूनी प्रक्रिया के दौरान सच्चाई सामने आएगी।

आवामी लीग पर प्रतिबंध का किया विरोध

हसीना ने अपने खिलाफ लगे आरोपों पर कहा कि किसी भी लंबे कार्यकाल वाली सरकार से गलतियां हो सकती हैं, लेकिन अंतिम फैसला जनता को करना चाहिए। उन्होंने आम चुनाव में आवामी लीग को प्रतिबंधित किए जाने पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि जनता को ही तय करने देना चाहिए था कि पार्टी ने सही किया या गलत।

क्या है पूरा मामला?

अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन और हिंसा के बाद शेख हसीना को सत्ता छोड़कर भारत आना पड़ा था। आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने के आदेश देने के आरोप में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने उन्हें और पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमान खान कमाल को मानवता के विरुद्ध अपराधों का दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई है। ऐसे में उनकी संभावित वापसी दक्षिण एशिया की राजनीति का बड़ा घटनाक्रम मानी जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m