वीरेंद्र कुमार/ शेखपुरा/बरबीघा। बिहार के शेखपुरा जिले में लापरवाही और झूठ ने एक 26 वर्षीय युवक की बलि ले ली। बरबीघा थाना क्षेत्र के बभनीवां गांव निवासी सोनू कुमार की सोमवार देर शाम छत ढलाई के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार और मकान मालिक ने बिजली कटने का झूठ बोलकर सोनू को मौत के मुंह में धकेल दिया।

​भरोसा पड़ा भारी: “लाइन कटी है” कहकर काम पर लगाया

​मृतक सोनू कुमार, बरबीघा बाजार के गंज मोहल्ले में कारू बरनाल नामक व्यक्ति के घर की ढलाई करने गया था। मकान के ऊपर से 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। काम शुरू करने से पहले जब सुरक्षा को लेकर सवाल उठा, तो ठेकेदार दीपक कुमार और मकान मालिक ने साफ कहा कि बिजली आपूर्ति बंद करवा दी गई है। इसी भरोसे के साथ सोनू जैसे ही छत पर चढ़ा, वह हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया।

​हादसे के बाद संवेदनहीनता: तड़पता छोड़ भागे जिम्मेदार

​करंट का झटका इतना जोरदार था कि सोनू उछलकर सीधे नीचे खड़ी मिक्सर मशीन पर जा गिरा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन मानवता को शर्मसार करते हुए ठेकेदार और मकान मालिक घायल सोनू की मदद करने के बजाय उसे वहीं तड़पता छोड़कर फरार हो गए। मृतक के साले मुकेश कुमार ने बताया कि अगर समय पर मदद मिलती, तो शायद सोनू की जान बच सकती थी।

​अस्पताल में घोषित किया मृत

​परिजन आनन-फानन में सोनू को लेकर बरबीघा अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पावापुरी पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का मानना है कि सोनू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था, लेकिन वे उम्मीद में इधर-उधर भागते रहे। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है और बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

​पुलिस की कार्रवाई और न्याय की मांग

​पावापुरी ओपी प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला संबंधित थाने को भेजा जाएगा। इधर, आक्रोशित परिजनों ने जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है और दोषी ठेकेदार व मकान मालिक के खिलाफ हत्या का मुकदमा चलाने की अपील की है।