शेख आरिफ, श्योपुर। जिले के विजयपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब भारतीय जनता पार्टी का एक स्थानीय पदाधिकारी अचानक बस स्टैंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। शहर में खुले में संचालित मीट मार्केट को हटाने और नगर पालिका में शव वाहन की व्यवस्था की मांग को लेकर यह हाईवोल्टेज ड्रामा लगभग एक घंटे तक चलता रहा। घटना की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।

ये भी पढ़ें: सीरियल किलर फरार! 15 दिन की पैरोल पर आया था बाहर, 4 हत्याओं का दोषी था हनी दुबे, MP-UP पुलिस अलर्ट

जगन्नाथ यात्रा के दौरान चक्कर खाकर गिरे थे श्रद्धालु

पानी की टंकी पर चढ़े युवक की पहचान सौरभ सिंह जादौन के रूप में हुई है, जो भाजपा विजयपुर नगर के सोशल मीडिया प्रभारी हैं। भाजपा नेता का आरोप है कि शहर के बीचों-बीच चल रहे मीट मार्केट को हटाने के लिए प्रशासन से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

बीते दिन जगन्नाथ जी की रथयात्रा के दौरान मीट मार्केट के पास से गुजरते वक्त दुर्गंध और गंदगी के कारण कुछ महिला व पुरुष श्रद्धालुओं को चक्कर आ गए थे। इस घटना से आक्रोशित होकर भाजपा नेता ने यह कदम उठाया। प्रदर्शनकारी की दूसरी प्रमुख मांग विजयपुर में शव वाहन उपलब्ध कराने की है, ताकि परिजनों को अपनों के अंतिम संस्कार के दौरान परेशानियों का सामना न करना पड़े।

ये भी पढ़ें: टपकती छत और अंधेरे कमरे में पढ़ने को मजबूर मासूम, अनूपपुर के इस सरकारी स्कूल में मंडरा रहा बड़ा खतरा

एक घंटे तक चला ड्रामा

बस स्टैंड स्थित पानी की टंकी पर भाजपा नेता के चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने काफी मशक्कत और मांगों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा, तब जाकर स्थिति शांत हुई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m