कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। पुलिस कस्टडी से फरार हुआ गुना का कुख्यात सीरियल किलर हनी दुबे आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। हैरानी की बात यह है कि पुलिस जिसे पूरे शहर में तलाश रही थी, वह बहोड़ापुर थाने से महज 100 मीटर दूर एक बंद मकान के चौकीदार रूम में छिपकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। जैसे ही मकान का ताला खुला, पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी को दोबारा बहोड़ापुर थाने लाया गया है।
ये भी पढ़ें: 44 लाख की चांदी जब्त! भोपाल के दो युवक गिरफ्तार, बिना दस्तावेज के ले जा रहे थे 19 किलो आभूषण
कौन है खूंखार सीरियल किलर हनी दुबे?
गुना का कुख्यात सीरियल किलर हनी दुबे जिसने अपनी मां के साथ मिलकर साल 2017 में तीन युवकों हेमंत मीणा, लोकेश लोधा और ऋतिक नामदेव की हत्या कर उनके शव जला दिए थे, एक बार फिर पुलिस की गिरफ्त में है।
धक्का दिया, भागा और थाने के बगल में ही छिप गया!
आजीवन कारावास की सजा काट रहा हनी दुबे पैरोल खत्म होने के बाद केंद्रीय जेल ग्वालियर वापस नहीं लौटा था। जेल प्रशासन की शिकायत पर बहोड़ापुर थाना पुलिस ने उसे गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पकड़ लिया था। लेकिन जब पुलिस उसे एफआरवी वाहन से केंद्रीय जेल लेकर जा रही थी, तभी वह पुलिसकर्मियों को धक्का देकर फरार हो गया। इसके बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और कई थानों का पुलिस बल उसकी तलाश में जुट गया।
ताला खुलते ही घिरा ‘हनी दुबे’, पुलिस ने ली राहत की सांस
पुलिस लगातार इलाके की घेराबंदी कर रही थी और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। किसी को पता नही था कि हनी दुबे बहोड़ापुर थाने से महज 100 मीटर दूर एक बंद मकान के चौकीदार रूम में छिपा हुआ है। वह वहीं से पुलिस की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए था। चार घण्टे बाद जैसे ही मकान का ताला खुलवाया गया, पुलिस ने घेराबंदी कर हनी दुबे को दबोच लिया। इसके बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच बहोड़ापुर थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। इसके बाद उसे केंद्रीय जेल ग्वालियर भेजा जाएगा।
ये भी पढ़ें: जानलेवा हमला और लूट का मामला: आरोपी BJP नेता 10 माह बाद पहुंचा जेल, कोर्ट ने नहीं दी जमानत
पुलिस की साख और कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
हनी दुबे की गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है लेकिन कुछ घंटों के भीतर पुलिस हिरासत से उसका फरार होना और फिर थाने से महज 100 मीटर दूरी पर ही छिपा मिलना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


