श्री साईं रसोई सेवा समिति कैथल द्वारा शिरडी में अलौकिक साईं पालकी यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक यात्रा में विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर आशीर्वाद लिया।

राकेश कथूरिया, कैथल। श्री साईं बाबा जी की अपार कृपा और दिव्य आशीर्वाद से पावन नगरी शिरडी में श्री साईं रसोई सेवा समिति, कैथल द्वारा एक भव्य एवं अलौकिक साईं पालकी यात्रा का सफल आयोजन किया गया। समिति के महासचिव ललित ठकराल लक्की ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आध्यात्मिक यात्रा में कैथल, करनाल, संगरूर, फरीदाबाद और चेन्नई सहित देश के विभिन्न कोनों से पधारी संगत एवं श्रद्धालुओं ने बेहद उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और सबूरी के मूल भाव के साथ साईं बाबा के पावन चरणों में अपनी गहरी आस्था अर्पित की। इस आयोजन से पूरी शिरडी नगरी में कैथल के सेवादारों की भक्ति की गूंज सुनाई दी।

ढोल-नगाड़ों के साथ थिरके श्रद्धालु

इस भव्य साईं पालकी यात्रा का विधिवत शुभारंभ शिरडी के होटल मनडई पैलेस से हुआ। ढोल-नगाड़ों, साईं बाबा के गगनभेदी जयकारों और मधुर भजन-कीर्तन की ध्वनि से पूरा वातावरण पूरी तरह से साईंमय हो गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के चेहरे पर अनूठी भक्ति की चमक और हृदय में सेवा का निस्वार्थ भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। यह यात्रा निर्धारित मार्ग होटल मनडई पैलेस से शुरू होकर ऐतिहासिक श्री खंडोबा मंदिर, श्री द्वारकामाई और श्री चावड़ी होते हुए पुनः होटल मनडई पैलेस पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर पालकी का स्वागत किया।

शिरडी साईं संस्थान ने बढ़ाई गरिमा

श्री साईं रसोई सेवा समिति की अध्यक्ष प्रिया ठकराल ने बताया कि इस पावन अवसर पर श्री साईं संस्थान ट्रस्ट शिरडी के सीईओ की धर्मपत्नी और डिप्टी सीईओ की धर्मपत्नी ने भी पालकी यात्रा में विशेष रूप से सहभागिता कर बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। महिला भक्तों के साथ वे भी बाबा का जयघोष करती हुई भक्ति में झूम उठीं, जिसने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया। इसके बाद श्री खंडोबा मंदिर प्रांगण में सेवादार दीपक चौधरी की देखरेख में श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से तैयार खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे बड़ी संख्या में संगत ने बाबा का आशीर्वाद समझकर ग्रहण किया।