आगरा की ऐतिहासिक कोठी मीना बाजार में छत्रपति शिवाजी महाराज का भव्य स्मारक बनाया जाएगा। यूपी सरकार और महाराष्ट्र सरकार मिलकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर काम करेंगी।

मुंबई। ताजमहल की पहचान वाले आगरा को जल्द ही एक और ऐतिहासिक धरोहर मिलने जा रही है। वह जगह, जहां इतिहास के मुताबिक मुगल सम्राट औरंगजेब ने छत्रपति शिवाजी महाराज को नजरबंद किया था, अब उसी स्थल पर उनके शौर्य, स्वाभिमान और अदम्य साहस का भव्य स्मारक बनने की तैयारी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अब महाराष्ट्र सरकार का भी साथ मिल गया है। शनिवार को उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से मुलाकात कर आगरा की ऐतिहासिक कोठी मीना बाजार में बनने वाले स्मारक को लेकर चर्चा की। बैठक में फडणवीस ने उत्तर प्रदेश सरकार को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया।

जहां कैद हुए, वहीं अमर होगी वीरता की कहानी

योगेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि इतिहासकारों के शोध के अनुसार कोठी मीना बाजार वही स्थान है, जहां औरंगजेब ने छलपूर्वक शिवाजी महाराज और उनके पुत्र संभाजी को नजरबंद किया था। लेकिन यह वही जगह भी है, जहां से शिवाजी महाराज ने अपनी असाधारण रणनीति और अद्वितीय साहस का परिचय देते हुए मुगल पहरे को धता बताकर इतिहास की सबसे चर्चित घटनाओं में से एक को अंजाम दिया था। अब इसी ऐतिहासिक स्थल को एक ऐसे स्मारक में बदलने की योजना है, जो केवल पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि भारतीय पराक्रम, राष्ट्रगौरव और स्वाभिमान का जीवंत प्रतीक होगा।

अंतिम चरण में योगी सरकार की तैयारी

मंत्री ने बताया कि योगी सरकार की कोठी मीना बाजार के अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जैसे ही प्रक्रिया पूरी होगी, स्मारक निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस परियोजना में उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सरकार मिलकर काम करेंगी, ताकि शिवाजी महाराज के जीवन और संघर्ष को आधुनिक तकनीक और आकर्षक स्वरूप में देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जा सके।

ताजमहल के साथ बनेगा नया आकर्षण

सरकार की योजना है कि आगरा आने वाला हर पर्यटक ताजमहल के साथ-साथ इस स्मारक तक भी पहुंचे। इससे न केवल पर्यटन को नई दिशा मिलेगी, बल्कि नई पीढ़ी को शिवाजी महाराज के शौर्य, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति से रूबरू होने का अवसर भी मिलेगा। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने इस पहल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र सरकार स्मारक निर्माण में उत्तर प्रदेश सरकार के साथ हर स्तर पर सहयोग करेगी। इससे पहले योगेन्द्र उपाध्याय महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार से भी इस परियोजना पर विस्तृत चर्चा कर चुके हैं।

यदि यह परियोजना तय योजना के अनुसार पूरी होती है, तो आगरा का कोठी मीना बाजार केवल एक ऐतिहासिक स्थल नहीं रहेगा, बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज के साहस, रणनीति और भारतीय अस्मिता का नया राष्ट्रीय स्मारक बनकर उभरेगा।