सरोज कुमार गुप्ता/शिवहर। नगर परिषद क्षेत्र के लेबर चौक (गांधी चौक) के पास गुरुवार को मुहर्रम के जुलूस की तैयारियों के दौरान दो अखाड़ों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस संघर्ष में 12 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरातफरी और तनाव की स्थिति बनी रही। हालांकि, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से अब स्थिति नियंत्रण में है।

​रास्ते के विवाद से उपजी हिंसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के विभिन्न अखाड़े मुहर्रम जुलूस की तैयारियों और अभ्यास के लिए बाहर निकले थे। विवाद की शुरुआत थाना रोड स्थित गुप्ता मेडिकल के समीप हुई जब दोनों अखाड़ों के बीच रास्ते को लेकर बहस हुई। हालांकि उस समय पुलिस और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में मामला शांत हो गया था लेकिन कुछ ही देर बाद गांधी चौक पर दोनों गुट पुनः आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले तथा पत्थरबाजी हुई।

​दो अखाड़ों के बीच आमने-सामने की जंग

बताया जा रहा है कि यह झड़प वार्ड संख्या-7 के इस्लामिया अखाड़ा और वार्ड संख्या-8 के मंसूरिया अखाड़ा के बीच हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उस वक्त मौके पर लगभग 150 से 200 लोगों की भीड़ मौजूद थी। एक घंटे तक चले इस हंगामे में सड़क पर आवागमन ठप हो गया और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते दिखे।

​दोनों गुटों के अपने-अपने दावे

हिंसा के बाद दोनों अखाड़ों के प्रतिनिधियों ने एक-दूसरे पर दोषारोपण किया है। इस्लामिया अखाड़ा के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद शमीम राज का कहना है कि उनके अखाड़े का समय पूर्व निर्धारित था और वे परंपरा का पालन कर रहे थे, जबकि दूसरे पक्ष ने अचानक हमला कर दिया। वहीं मंसूरिया अखाड़ा के अध्यक्ष मोहम्मद दाऊद ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया कि उनका अखाड़ा शांतिपूर्ण तरीके से गुजर रहा था तभी दूसरी ओर से लाठी लहराते हुए उपद्रव शुरू किया गया।

​पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अनुशील कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को खदेड़ कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा है। फिलहाल इलाके में शांति है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर दोषियों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।