परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में जनसुनवाई के दौरान आम और खास के बीच बड़ा अंतर देखने को मिला। भाजपा जिलाध्यक्ष के पहुंचते ही कलेक्टर अपनी कुर्सी से खड़े हो गए और उन्हें केबिन के अंदर लेकर चले गए। वहीं कतार में खड़े फरियादी इंतजार करते रह गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

शिवपुरी कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को आम और खास के बीच का अंतर साफ तौर पर देखने को मिला। जनसुनवाई में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे आम लोग कतार में खड़े होकर कलेक्टर से मिलने का इंतजार कर रहे थे, तभी अचानक भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव वहां पहुंचे। माना जा रहा है कि भाजपा जिलाध्यक्ष भी किसी जनसमस्या से जुड़े मामले को लेकर जनसुनवाई में पहुंचे होंगे, लेकिन उनके पहुंचते ही कलेक्टर अपनी कुर्सी छोड़कर उन्हें लेकर केबिन में चले गए।

ये भी पढ़ें: इंदौर कलेक्टर कार्यालय की सुरक्षा में बड़ी चूक! केरोसिन लेकर जनसुनवाई में पहुंचा युवक, आत्मदाह की कोशिश से मचा हड़कंप

इस दौरान बाहर अपनी बारी का इंतजार कर रहे फरियादी इंतजार करते रह गए। कुछ देर बाद कलेक्टर वापस जनसुनवाई में लौट आए और लोगों की समस्याएं सुनना शुरू किया, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने एक बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर दिया- क्या जनसुनवाई में भी आम आदमी की फरियाद और खास लोगों की मौजूदगी के लिए अलग-अलग व्यवस्था है?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m