परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अक्सर अपनी कार्यशैली और औचक निरीक्षणों को लेकर चर्चा में रहते हैं लेकिन इस बार उन्हें शिवपुरी जिले में जनता के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा है। जिले के खोड़ स्थित धाय महादेव मंदिर परिसर में आयोजित एक जनचौपाल के दौरान बिजली कंपनी की बदहाली और भ्रष्टाचार से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा सीधे ऊर्जा मंत्री के सामने ही फूट पड़ा। पिछोर तहसील के वीरा गांव से आए ग्रामीणों का गुस्सा सीधे ऊर्जा मंत्री के सामने ही फूट पड़ा। पिछोर तहसील के वीरा गांव से आए ग्रामीणों ने मंत्री के सामने ही बिजली कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ‘बिजली कंपनी चोर है’ के नारे लगा दिए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ये भी पढ़ें: वायुसेना के विशेष विमान से कूनो पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल और प्रभारी मंत्री ने किया आत्मीय स्वागत, ‘चीता प्रोजेक्ट’ की प्रगति देख हुईं गदगद
टूटे खंभे, गिरे तार और रिश्वतखोरी से परेशान हैं ग्रामीण
जनचौपाल में पहुंचे वीरा गांव के लोगों ने ऊर्जा मंत्री तोमर को बिजली कंपनी की जमीनी हकीकत से रूबरू कराया। ग्रामीणों ने बेहद गुस्से में शिकायत करते हुए बताया कि उनके गांव में लंबे समय से बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त (टूटे) पड़े हैं और हाई वोल्टेज तार टूटकर खेतों में गिरे हुए हैं, जिससे हर वक्त बड़ा हादसा होने का डर बना रहता है।
ग्रामीणों ने बिजली कंपनी के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मंत्री को बताया:
“जब हम टूटे खंभे और तार ठीक कराने की फरियाद लेकर बिजली दफ्तर जाते हैं, तो विभागीय कर्मचारियों द्वारा हमसे 3 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जाती है। हद तो तब हो गई जब फरवरी महीने में तार टूटने पर लाइन जुड़वाने के नाम पर हमारे बुजुर्ग पिता से कर्मचारियों ने 1500 रुपए ऐंठ लिए।”
सवालों के घेरे में ‘बिजली विभाग’, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के सामने हुई इस नारेबाजी और रिश्वतखोरी के खुलासे के बाद कार्यक्रम में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पैर फूल गए। ग्रामीण इस बात से बेहद खफा थे कि बार-बार शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होती और ऊपर से पैसे मांगे जाते हैं।
ये भी पढ़ें: यूथ हॉस्टल एसोसिएशन का नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल बोले- जरूरतमंदों के लिए ऐसी पहल सराहनीय
वीडियो हो रहा वायरल
इस घटना का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर सामने आया, यह पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है। विपक्ष और जनता अब सवाल उठा रही है कि जब खुद ऊर्जा मंत्री के क्षेत्र और उनके सामने जनता रिश्वतखोरी का आरोप लगाकर ‘चोर है’ के नारे लगा रही है, तो प्रदेश के बाकी हिस्सों में बिजली विभाग के क्या हालात होंगे। फिलहाल इस मामले में मंत्री द्वारा अधिकारियों को दिए गए निर्देशों और कार्रवाई का इंतजार है।

