परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बयान ने एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है। मंच से विधायक ने अपने विरोधियों पर उन्हें बदनाम और कानून मामले में फंसाने की साजिश रचने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। भाजपा विधायक के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
खनियाधाना में अहिल्याबाई देवी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के विरोध में गुरुवार को आयोजित पाल-बघेल समाज की आक्रोश सभा में पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने ऐसा बयान दिया, जिसने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है। वायरल वीडियो में विधायक प्रीतम लोधी कहते नजर आ रहे हैं कि पिछोर के डाक बंगले में उनके विरोधी महिलाओं को उन्हें ‘पटाने’ के लिए भेजते हैं।
ये भी पढ़ें: विवादित बयान पर पिछोर विधायक प्रीतम लोधी की सफाई, बोले- गलत ढंग से किया गया पेश
प्रीतम लोधी बोले- 376 के मामले में उलझाने का प्रयास कर रहे विरोधी
विधायक ने आरोप लगाया कि महिलाओं के माध्यम से उनसे जबरन बातचीत करवाने का प्रयास किया जाता है और इसी दौरान कोई व्यक्ति वीडियो बनाता है, ताकि उनके खिलाफ किसी तरह का मामला तैयार किया जा सके। प्रीतम लोधी ने अपने भाषण में दावा किया कि उनके विरोधी उन्हें 376 के मामले में उलझाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इसे अपने खिलाफ की जा रही साजिश बताते हुए मंच से यह बात कही।
महिलाओं से भरी सभा में कही यह बात
खास बात यह है कि विधायक ने यह बयान उस कार्यक्रम में दिया, जो महिला शक्ति और समाज की बड़ी मौजूदगी में आयोजित किया गया था। महिलाओं को लेकर मंच से कही गई भाषा और लगाए गए आरोप अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।
हाल ही में विवादित बयान पर दी थी सफाई
गौरतलब है कि हाल ही में शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रीतम लोधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें विधायक कथित तौर पर कृष्णवंशियों को संबोधित करते हुए ‘99 गलती के बाद रुक जाना, वरना परिणाम बेहतर देंगे’ जैसी बात कहते नजर आए थे। इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई थीं। जिसके बाद उन्हें सफाई दी थी। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा था कि उनके बयान को जिस तरह से प्रचारित किया जा रहा है, वह सही नहीं है। उनका दावा है कि उनके शब्दों और बात का संदर्भ अलग था तथा बयान को तोड़-मरोड़कर वायरल किया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

