परवेज खान, शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा में बिजली और पानी की किल्लत को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ अब शहरी क्षेत्रों में भी लोगों का धैर्य जवाब दे रहा है। बीती देर रात पिछोर की पाल कॉलोनी में रहने वाली कई छात्राएं पिछले चार दिनों से बिजली न आने से परेशान होकर सड़कों पर उतर आईं। छात्राओं ने बिजली विभाग के कार्यालय के सामने पहुंचकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।

ये भी पढ़ें: HARDA का ‘खतरनाक’ स्कूल: 103 साल पुराने भवन की छत गायब, PWD मौन… टपकती बूंदों और डर के साए में पढ़ रहे मासूम

बिल माइनस में, फिर भी 4 दिन से अंधेरे में रहने को मजबूर

चक्काजाम का नेतृत्व कर रही छात्रा प्रियंका लोधी ने अपनी सहेलियों के साथ बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। प्रियंका का कहना है कि वे नियमित रूप से बिजली का बिल जमा कर रही हैं और उनका मौजूदा बिल भी माइनस में आया है, यानी कोई बकाया नहीं है। इसके बावजूद पिछले चार दिनों से उनके इलाके की बत्ती पूरी तरह गुल है। अंधेरा होने के कारण पढ़ाई और रोजमर्रा के काम ठप पड़े हैं। कई बार लिखित और मौखिक शिकायत करने के बाद भी जब बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने सुध नहीं ली, तो उन्हें आधी रात को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।

मौके पर पहुंचीं महिला टीआई, समझाइश के बाद खुला जाम

छात्राओं द्वारा चक्काजाम किए जाने की खबर मिलते ही पिछोर थाना प्रभारी (TI) नीतू सिंह तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने सड़क पर बैठी आक्रोशित छात्राओं से बात की और उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।

TI की पहल पर शुरू हुआ सुधार कार्य

टीआई नीतू सिंह ने छात्राओं को समझाने के साथ ही मौके से ही बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और तकनीकी स्टाफ से सीधे बात की। पुलिस के कड़े रुख और दखल के बाद बिजली विभाग की टीम हरकत में आई और तुरंत फॉल्ट सुधारने का काम शुरू किया गया। अधिकारियों से मिले ठोस आश्वासन के बाद छात्राओं ने चक्काजाम समाप्त किया।

ये भी पढ़ें: MP में मानसून: सीहोर में बारिश से नदी-नाले उफान पर, खंडवा के कई घरों में घुसा पानी, आष्टा के गांवों का संपर्क टूटा

विधायक से गुहार भी रही बेअसर

गौरतलब है कि पिछोर क्षेत्र में बिजली-पानी का संकट नया नहीं है। कुछ दिन पहले ही स्थानीय महिलाओं ने पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के सामने भी बिजली और पानी की भारी किल्लत को लेकर रोना रोया था और जल्द से जल्द समस्या के समाधान की गुहार लगाई थी। लेकिन विधायक की सख्ती के बाद भी जमीनी स्तर पर बिजली विभाग के ढुलमुल रवैये में कोई सुधार नहीं दिख रहा है, जिससे आम जनता के साथ-साथ अब छात्र-छात्राओं का भविष्य भी दांव पर लगा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m