पटना। बिहार में बाढ़ पीड़ितों के खातों में सात-सात हजार रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर किए जाने के ठीक अगले दिन, आज बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में एक केंद्रीय टीम बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने बिहार पहुंच रही है। इस दौरे से पहले राज्य की राजनीति गरमा गई है और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

​तेजस्वी यादव का केंद्र सरकार पर तंज

​मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने केंद्रीय टीम के दौरे पर सवालिया निशान खड़े किए। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या शिवराज सिंह चौहान अपने साथ कोई आर्थिक सहयोग लेकर आ रहे हैं या यह सिर्फ एक फोटो सेशन है?
​तेजस्वी ने केंद्र से सवाल किया कि बिहार को विशेष बाढ़ पैकेज क्यों नहीं दिया जा रहा है और इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित क्यों नहीं किया जा रहा है? उन्होंने आरोप लगाया कि सब कुछ सिर्फ गुजरात को ही दिया जा रहा है और बिहार के साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि मौजूदा सरकार समस्या का समाधान करने नहीं, बल्कि समस्या देने आई है।

​केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आज का कार्यक्रम

​केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने इस दौरे के दौरान हवाई सर्वेक्षण के साथ-साथ सड़क मार्ग से भी बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेंगे। उनका पूरा शेड्यूल इस प्रकार है:

  • ​सुबह 10:30 बजे: पटना एयरपोर्ट आगमन और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा दिघवारा व मनेर के बाढ़ क्षेत्रों का हवाई जायजा।
  • ​सुबह 11:00 बजे: हाजीपुर पुलिस लाइन पहुंचकर सड़क मार्ग से तेरसिया और सरायपुर क्षेत्र का दौरा।
  • ​दोपहर 12:15 बजे: गांधी सेतु के रास्ते सीएम सचिवालय स्थित ‘संवाद’ पहुंचना, जहां मुख्यमंत्री की मौजूदगी में उच्चस्तरीय बैठक होगी।
  • ​दोपहर 01:30 बजे: पटना से प्रस्थान कर 02:15 बजे मुंगेर के नवाबगढ़ी पहुंचना और राहत शिविरों में पीड़ितों से मिलना।
  • ​शाम का कार्यक्रम: नवगछिया के कोजीकरैया बांध का निरीक्षण, भागलपुर में पीड़ित परिवारों से मुलाकात और रात्रि विश्राम।

​अगले दिन यानी 17 सितंबर की सुबह भी बाढ़ पीड़ितों से मिलने के बाद वे पटना वापस लौटेंगे।