कुंदन कुमार, पटना। ग्रामीण विकास विभाग के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह आज गुरुवार (20 अगस्त) को पटना पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, आज बिहार की इस पवित्र धरा पर आकर मन आनंद और प्रसन्नता से भरा हुआ है।
11 लाख से अधिक लोगों को मिलेगा पक्का मकान
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प हमारे सभी गरीब भाई-बहन को पक्का मकान उपलब्ध कराना है, आज मुझे बताते हुए खुशी है कि पीएम आवास योजना के तहत बिहार के हमारे कच्चे मकान में रहने वाले भाई-बहनों को 11 लाख से ज्यादा मकानों की स्वीकृति की सौगात मिल रही है।
उन्होंने कहा कि, उनके पास अपनी पक्की छत होगी, अपना घर होगा, उनके सपने पूरे होंगे। इसके साथ ही साथ मैं बिहार सरकार को इसलिए भी बधाई देना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बिहार ने शामिल होने का फैसला लिया है। फसलों को अगर नुकसान होगा तो बीमा के तहत किसानों को उसकी भरपाई होगी।
शिवराज सिंह के इस ऐलान पर सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, आज ये गर्व का दिन है और आज बिहार का सम्मान बढ़ने वाला दिन है। आज जिस तरह शिवराज सिंह चौहान जी बिहार के गरीबों को पक्का मकान देने के लिए आए, ये अपने आप में ऐतिहासिक दिन है। सीएम ने कहा कि, मैंने तो वो दिन देखा है, जब 1986 में इंदिरा आवास योजना शुरू हुआ और तब से लेकर 2014 तक याद कीजिए, इसी बिहार में 30 लाख लोगों को भी पक्का मकान नहीं मिला।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, लेकिन जब पीएम मोदी की सरकार बनी तो 2014 से लेकर 2026 तक 50 लाख मकान प्रधानमंत्री ने सिर्फ बिहार के गरीबों को देने का काम किया। पिछले 2 साल में शिवराज सिंह चौहान के मंत्री रहते हुए लगभग 19 लाख लोगों को पक्का मकान मिला है।
ये भी पढ़ें- बीजेपी कार्यालय देखते ही तेजस्वी बोले- चंदा चोर यहां मिलेंगे, गिरिराज सिंह का तगड़ा पलटवार

