अतीश दीपंकर, भागलपुर। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज बुधवार की शाम भागलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने सीएम सम्राट चौधरी के साथ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर जायजा लिया। साथ ही उन्होंने जिले के पॉलिटेक्निक कॉलेज में बाढ़ राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। सीएम सम्राट और शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ से प्रभावित लोगों से बातचीत भी की और उनकी समस्याओं को जानने का प्रयास किया। गौरतलब है कि बिहार में गंगा, कोसी और गंडक समेत कई नदियों के उफान के बीच बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
केंद्र सरकार बाढ़ प्रभावित परिवार के साथ- शिवराज
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, केंद्र सरकार बिहार के बाढ़ प्रभावित परिवारों और किसानों के साथ खड़ी है। फसल और मकानों को हुए नुकसान का आकलन कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। राहत शिविर में शिवराज सिंह चौहान ने भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान बाढ़ को लेकर दोनों नेताओं ने कहा कि, बाढ़ आती-जाती रहती है, लेकिन सरकार का प्रयास है कि आपदा के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
सीएम सम्राट ने पीएम मोदी का जताया आभार
सीएम सम्राट चौधरी ने शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के लिए केंद्रीय टीम भेजने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। बता दें कि भागलपुर से पहले शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में आई केंद्र की टीम ने सीएम सम्राट के साथ वैशाली के हाजीपुर, तेरसिया और मुंगेर में भी बाढ़ से प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। इस दौरान दोनों नेताओं ने प्रभावित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और जलभराव, फसल एवं मकानों को हुए नुकसान की जानकारी ली।
केंद्र सरकार करेगी बिहार की मदद- शिवराज
मुंगेर में मीडिया से बात करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, हमने लोगों से बातचीत की और वो यहां पर 10-12 दिनों से हैं। उन्हें अच्छे से भोजन और दवाईयां दी जा रही हैं। बिहार सरकार अपनी तरफ से सभी प्रयत्न कर रही है। केंद्र सरकार की तरफ से मुझे प्रधानमंत्री ने भेजा है। हम अभी अवलोकन कर रहे हैं, क्षति का आकलन कर रहे हैं और सारी परिस्थितियों को देख रहे हैं। यहां फसलों और मकानों का नुकसान हुआ है। पशुओं का भी नुकसान हुआ है। एक बार पूरी क्षति का आकलन करके, राज्य सरकार को केंद्र सरकार पूरी सहायता करे, इसकी व्यवस्था करेंगे। संकट है मगर केंद्र सरकार राज्य सरकार की पूरी मदद करेगी, ताकि लोगों को इस संकट से निकाला जाए।
बता दें कि शिवराज सिंह चौहन के नेतृत्व में बिहार आई केंद्रीय टीम उद्देश्य राज्य में बाढ़ से हुए फसल, मकान और बुनियादी ढांचे के नुकसान का आकलन कर एक रिपोर्ट तैयार करना है, जिसके आधार पर आगे चलकर बिहार से बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।
ये भी पढ़ें- PM के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’, तेजस्वी बोले- बाढ़ में डूबे बिहार का जिया जलाएगी बेशर्म सरकार



