करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के मधुबन थाना क्षेत्र से एक बेहद दिल दहला देने वाली और शर्मनाक वारदात सामने आई है। यहाँ स्कूल से अकेली घर लौट रही एक 12 साल की मासूम बच्ची को एक दरिंदे ने अपनी हवस का शिकार बना डाला। आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर एक सुनसान जगह पर बने गार्ड रूम में ले जाकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद से मासूम बच्ची बुरी तरह सहमी हुई है और गहरे मानसिक सदमे में है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
तुम्हारे पापा बुला रहे हैं…कहकर मासूम को जाल में फंसाया
पीड़ित बच्ची के पिता ने मधुबन थाने में आपबीती सुनाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पिता के मुताबिक, यह खौफनाक घटना 14 मई की दोपहर करीब 12 बजे की है। उनकी 12 वर्षीय बेटी रोज की तरह स्कूल की छुट्टी होने के बाद पैदल ही अपने घर लौट रही थी। तभी रास्ते में एक अज्ञात युवक ने उसे रोक लिया।
शातिर आरोपी ने बच्ची से कहा कि उसके पिता ने उसे बुलाया है। मासूम बच्ची ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी से कहा कि उसके पिता तो पीपली में काम पर गए हैं, वे यहाँ कैसे बुला सकते हैं? लेकिन आरोपी ने हार नहीं मानी और अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में उलझाकर बच्ची को जबरन अपने साथ चलने पर मजबूर कर दिया।
कोठी के बाहर बने गार्ड रूम में की दरिंदगी
शिकायत के अनुसार, आरोपी मासूम बच्ची को बहलाकर मधुबन इलाके में स्थित एक पार्क के पास ले गया। वहाँ एक बड़े अधिकारी की कोठी के बाहर एक सुनसान गार्ड रूम बना हुआ था। आरोपी बच्ची को खींचकर उस गार्ड रूम के अंदर ले गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद आरोपी ने जबरदस्ती करते हुए मासूम के साथ गलत काम (रेप) किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने बच्ची को किसी से कुछ भी न कहने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
जब बच्ची रोती-बिलखती अपने घर पहुंची, तो वह बेहद डरी हुई थी। उसकी मानसिक हालत देखकर परिजनों को शक हुआ। प्यार से पूछने पर मासूम ने रोते हुए अपने साथ हुई इस पूरी दरिंदगी की कहानी बयां की, जिसे सुनकर माता-पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई।
इलाके में भारी गुस्सा, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस घिनौनी वारदात के बाद से स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा और आक्रोश है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत केस दर्ज कर लिया है। मधुबन थाना पुलिस की कई टीमें आरोपी की धरपकड़ के लिए हाथ-पांव मार रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपी का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

