फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। पल्ला थाना क्षेत्र में एक युवक पर अपनी 6 महीने की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान नेहा कुमारी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति अमित गुप्ता बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मामला हिंसक रूप ले बैठा।
मामूली विवाद ने लिया खौफनाक रूप
जानकारी के मुताबिक, आरोपी अमित ड्यूटी पर नहीं जाना चाहता था, जबकि नेहा उसे काम पर जाने के लिए कह रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गंभीर झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में अमित ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद उसने चुन्नी से गला घोंटने की कोशिश की और फिर पानी से भरी बाल्टी में उसका सिर बार-बार डुबोकर मौत के घाट उतार दिया।
एक साल पहले हुई थी शादी, आने वाला था पहला बच्चा
बताया जा रहा है कि अमित और नेहा की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। दोनों पंचशील कॉलोनी स्थित घर में अकेले रहते थे। नेहा छह माह की गर्भवती थी और दंपति अपने पहले बच्चे का इंतजार कर रहे थे। लेकिन खुशियों से पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
पल्ला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इलाके में शोक और आक्रोश
गर्भवती महिला की हत्या की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों ने घटना को बेहद अमानवीय बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

