गोहाना। गोहाना-सोनीपत रोड पर गांव बड़ौता फ्लाईओवर के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कटवाल गांव निवासी विकास के रूप में हुई है, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दो दिन पहले ही परिजनों ने पुलिस में दर्ज कराई थी। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, विकास एक पेट्रोल पंप पर काम करता था। परिजनों ने बताया कि वह दो दिन पहले घर से ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिजनों ने सिटी थाना गोहाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

परिजनों ने की शव की शिनाख्त
गुरुवार को एक राहगीर ने हाईवे किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाकर शव की पहचान करवाई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत होने की आशंका जता रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई

मृतक की मां ने बताया कि उनका बेटा पेट्रोल पंप पर काम करने गया था और उन्हें यह नहीं पता कि उसके साथ क्या हुआ। वहीं सिटी थाना गोहाना के प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।