उमेश यादव, सागर। मध्य प्रदेश के सागर शहर में यातायात नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाने और एक मासूम की जिंदगी को खतरे में डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लाखा बंजारा एलिवेटेड कॉरिडोर पर एक कार चालक अपनी छोटी बच्ची को कार की बोनट पर बैठाकर तेज रफ्तार में वाहन चलाता नजर आया। इस खतरनाक स्टंट का वीडियो पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

टोकने पर बच्ची को कार में बैठाया

वायरल वीडियो में कार का पंजीयन नंबर MP 15 CB 3948 साफ तौर पर देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि जब पीछे से आ रहे बाइक सवार ने कार चालक को इस खतरनाक लापरवाही के लिए टोका, तब जाकर उसने कार रोकी और बच्ची को बोनट से उठाकर गाड़ी के अंदर बैठाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जरा सा भी अचानक ब्रेक लगने या गाड़ी में झटका आने पर बच्ची सड़क पर गिरकर गंभीर हादसे का शिकार हो सकती थी। चर्चा यह भी है कि यह चालक पहले भी कई बार इस तरह बच्ची को बोनट पर बैठाकर गाड़ी चलाता देखा जा चुका है।

20 वर्षीय कॉलेज छात्रा ने फंदा लगाकर की खुदकुशीः इलाके में फैली सनसनी, नहीं मिला सुसाइड नोट

यातायात पुलिस की समझाइश बेअसर

एक तरफ जहां यातायात पुलिस लगातार वाहन चालकों को सुरक्षा नियमों का पालन करने और जागरूकता अभियानों के माध्यम से समझाइश दे रही है, वहीं दूसरी तरफ इस तरह का वीडियो प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े करता है। मासूम की जान जोखिम में डालने वाले इस वायरल वीडियो और वाहन नंबर के सामने आने के बाद अब देखना होगा कि सागर यातायात पुलिस संबंधित कार चालक के खिलाफ क्या सख्त कानूनी कार्रवाई करती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m