रांची। दशहरा, दीपावली और छठ के दौरान घर जाने की तैयारी कर रहे रेल यात्रियों के लिए टिकट की परेशानी अभी से शुरू हो गई है। त्योहारों में करीब दो महीने का समय बाकी है, लेकिन रांची से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, जम्मूतवी और आनंद विहार समेत कई प्रमुख शहरों के बीच चलने वाली ट्रेनों में सीटें तेजी से भर रही हैं। कई ट्रेनों में वेटिंग सैकड़ों तक पहुंच गई है, जबकि कुछ में रिग्रेट की स्थिति बनने से टिकट मिलना भी बंद हो गया है।
आरक्षण केंद्र और IRCTC पर कन्फर्म टिकट तलाश रहे यात्रियों को लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है। खासकर स्लीपर, थर्ड एसी और थर्ड एसी इकोनॉमी में सबसे ज्यादा दबाव दिखाई दे रहा है।
दिल्ली रूट पर कन्फर्म टिकट मुश्किल
नई दिल्ली से रांची आने वाली राजधानी एक्सप्रेस (20840) में 6 नवंबर को थर्ड एसी में 249 वेटिंग पहुंच चुकी है, जबकि टू एसी में रिग्रेट हो गया है। वहीं नई दिल्ली-रांची राजधानी (12454) में 7 नवंबर को थर्ड एसी में 197 और टू एसी में 84 वेटिंग है।
आनंद विहार से हटिया आने वाली झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस की स्थिति भी ऐसी ही है। कई श्रेणियों में रिग्रेट होने के कारण यात्रियों को टिकट नहीं मिल पा रहा है। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में भी 7 नवंबर को कई क्लास में रिग्रेट की स्थिति है।
बेंगलुरु-मुंबई रूट पर भी बढ़ा दबाव
दूसरे राज्यों से रांची आने वाली ट्रेनों में बेंगलुरु रूट पर भी टिकट की मांग काफी बढ़ गई है। बेंगलुरु-हटिया एक्सप्रेस (18638) में 3 नवंबर को स्लीपर में रिग्रेट है, जबकि थर्ड एसी में 173 वेटिंग है।
बेंगलुरु-हटिया एक्सप्रेस (12836) में भी स्लीपर और थर्ड एसी इकोनॉमी में रिग्रेट की स्थिति है। थर्ड एसी में 120 वेटिंग दर्ज है। मुंबई से हटिया आने वाली एलटीटी-हटिया एक्सप्रेस (12811) में 1 नवंबर को स्लीपर में 63, थर्ड एसी इकोनॉमी में 34 और थर्ड एसी में 47 वेटिंग है।
रांची से बाहर जाने वालों की भी बढ़ी मुश्किल
सिर्फ रांची आने वाली ट्रेनों में ही भीड़ नहीं है, बल्कि यहां से दिल्ली, बेंगलुरु और हावड़ा जाने वाली ट्रेनों में भी सीटों की मांग बढ़ गई है।
रांची-नई दिल्ली राजधानी (20839) में 17 अक्टूबर को थर्ड एसी में 90 और टू एसी में 43 वेटिंग है। हटिया-नई दिल्ली एक्सप्रेस (18309) में स्लीपर की वेटिंग 87 और थर्ड एसी की 81 है।
वहीं हटिया-बेंगलुरु (18637) में स्लीपर में 44 RAC और थर्ड एसी में 22 वेटिंग है। हटिया-हावड़ा क्रियायोगा एक्सप्रेस में भी विभिन्न श्रेणियों में वेटिंग चल रही है।
रेलवे ने शुरू की अतिरिक्त ट्रेनों की तैयारी
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रांची रेल मंडल ने दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय को 12 स्पेशल ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव भेजा है। इन ट्रेनों को दशहरा, दीपावली और छठ के दौरान चलाने की तैयारी है।
प्रस्तावित ट्रेनों में रांची-जयनगर, रांची-नई दिल्ली, रांची-अजमेर, रांची-मुंबई, रांची-आरा, रांची-बनारस और रांची-कोलकाता रूट शामिल हैं।
डीआरएम करुणानिधि सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे अधिक से अधिक ट्रेनों के परिचालन की योजना बना रहा है। स्पेशल ट्रेनों को मंजूरी मिलने के बाद यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।



