गुरुग्राम। पॉश इलाके सुशांत लोक में गुरुवार रात एक बड़ा एनकाउंटर हुआ। दीपक नांदल गैंग के 5 हथियारबंद शूटर रंगदारी वसूलने के लिए एक रियल एस्टेट कारोबारी के घर घुस आए। बदमाशों ने घर में घुसते ही फायरिंग शुरू कर दी। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर ली।

पुलिस और बदमाशों में 65 राउंड फायरिंग

रात करीब 11 बजकर 30 मिनट पर पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हुआ। दोनों तरफ से करीब 65 राउंड फायरिंग हुई। इस भीषण एनकाउंटर में 5 बदमाशों को गोली लगी, जिनमें से 4 मौके पर ही मारे गए। एक शूटर की हालत गंभीर बनी हुई है। इस मुठभेड़ में एक एएसआई समेत 3 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

फर्जी नंबर वाली गाड़ी से आए थे शूटर

पुलिस के मुताबिक, मारे गए बदमाशों में अंकित, नितिन, आर्यन और दीपा शामिल हैं। ये सभी हरियाणा के अलग-अलग जिलों के रहने वाले थे। पुलिस ने जांच में पाया कि जिस स्कॉर्पियो गाड़ी से ये शूटर आए थे, उस पर लगा नंबर प्लेट फर्जी था। बदमाशों के पास से 5 पिस्टल भी बरामद की गई हैं

सड़कों पर दिखी दहशत

घटना के समय कुछ स्थानीय लोगों ने शूटर्स का वीडियो भी बनाया, जिसमें वे आधुनिक हथियारों के साथ गली में घूमते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में उनकी गतिविधि किसी बड़े अपराध को अंजाम देने की तैयारी की ओर इशारा कर रही थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।