फतेहाबाद। जिले के भूना क्षेत्र में एक पलंबर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद भारी हंगामा हो गया। गांव सनियाना निवासी 33 वर्षीय विपिन कुमार का शव शुक्रवार सुबह गांव के तालाब से बरामद हुआ। विपिन की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने भूना पुलिस थाने पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

झगड़े के बाद लापता हुआ था विपिन
परिजनों के अनुसार, मंगलवार को विपिन का गांव के ही कुछ लोगों के साथ झगड़ा हुआ था। आरोप है कि अगले दिन बुधवार को भी आरोपी डंडे लेकर उसके पीछे पड़े हुए थे। खुद को बचाने के चक्कर में विपिन वहां से भागा। रास्ते में तालाब था और उसने अपनी जान बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन वह नहीं मिला। शुक्रवार सुबह 7 बजे किसी ग्रामीण ने शव को तालाब के किनारे फंसा हुआ देखा।
परिवार का इकलौता सहारा था विपिन
विपिन के निधन के बाद उसका परिवार पूरी तरह बिखर गया है। उसके परिवार में दिव्यांग पिता, मां, पत्नी और 2 छोटे बच्चे हैं। 8 और 6 साल के बच्चे अब सिर से पिता का साया खो चुके हैं। इससे पहले 3 साल पहले विपिन के भाई की भी दिल का दौरा पड़ने से मौत हो चुकी थी। अब पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।
थाने में परिजनों का हंगामा
शव मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण भूना थाने पहुंच गए। उन्होंने मांग की कि आरोपियों के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। थाने में पुलिस और परिजनों के बीच काफी देर तक बहस भी हुई। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में ही यह सब हुआ और समय पर कार्रवाई नहीं की गई। फिलहाल पुलिस ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया है।
- Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
- https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
