कुंदन कुमार, पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बीते दिनों बाढ़ से प्रभावित अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने बिहार सरकार पर राघोपुर में बाढ़ से राहत और बचाव कार्य नहीं करने का आरोप लगाया। तेजस्वी के इन आरोपों पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार का बयान सामने आया है।
मंत्री ने कहा कि, जल संसाधन विभाग सभी जगह पर काम कर रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के पास कोई काम नहीं बचा है इसलिए वह इस तरह की बातें कर रहे हैं।
छात्रों को गुमराह कर रहे हैं तेजस्वी- श्रवण कुमार
वहीं, तेजस्वी यादव द्वारा छात्रों के साथ विरोध मार्च करने पर उनका समर्थन करने पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि, तेजस्वी यादव छात्रों को गुमराह करना बंद करें। क्योंकि जनता का विश्वास पहले ही वह खो चुके हैं और अभी चुनाव होने में साढे चार साल बचे हैं।
उपेंद्र कुशवाहा ने बार-बार बदला पाला- श्रवण कुमार
वहीं, उपेंद्र कुशवाहा द्वारा निशांत कुमार और दीपक प्रकाश को भाई बताए जाने पर मंत्री श्रवण कुमार ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, ऐसा कुछ नहीं है। जदयू के असली उत्तराधिकारी निशांत कुमार हैं, जब भी नीतीश कुमार ने उपेंद्र कुशवाहा को मौका दिया। उन्होंने पाला बदल लिया।
दीपक और निशांत को बताया एक समान
दरअसल कल रविवार को पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को आयोजित करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि, जिस तरह दीपक प्रकाश उनके बेटे हैं, उसी प्रकार निशांत कुमार भी उनके बेटे के समान हैं। कुशवाहा ने कहा कि दोनों में कोई भेदभाव नहीं और दोनों ही बिहार और देश के भविष्य हैं। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि, उन्होंने ही सबसे पहले निशांत कुमार को सार्वजनिक जीवन में आगे लाने की मांग की थी। हालांकि इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि, विरासत का मतलब किसी सरकारी पद या राजनीतिक उत्तराधिकार से नहीं, बल्कि विचारों और मूल्यों को आगे बढ़ाने से है।
उपेंद्र कुशवाहा के इस बयान से नाराज हैं जदयू नेता
इस दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने यह भी कहा कि, नीतीश कुमार की राजनीतिक विचारधारा को आगे बढ़ाने की चिंता उन्हें भी है। कुशवाहा ने कहा कि उन्होंने भी लंबे समय तक जदयू को मजबूत करने और सींचने में अपना पसीना बहाया है। इसलिए इस राजनीतिक विरासत पर उनका भी स्वाभाविक जुड़ाव और हक बनता है। उपेंद्र कुशवाहा के इस बयान पर जदयू नेता खुलकर अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- फरक्का पर सियासत के बीच भारत-बांग्लादेश जलसंधि खत्म करने की मांग, RJD सांसद सुधाकर सिंह ने की वकालत

