विजय कुमार, जमई। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज शुक्रवार (5 जून) को जमुई कोर्ट परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर हरित विकास को बढ़ावा देने और लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि विधिक अधिवक्ता संघ ने हमेशा उन्हें बेटी की तरह सम्मान और स्नेह दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा में अधिवक्ता संघ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्ष 2020 से 2025 के कार्यकाल में उन्होंने विधायक के रूप में अधिवक्ता संघ और कोर्ट परिसर के विकास में अपनी भूमिका निभाई तथा आगामी 2025 से 2030 के कार्यकाल में भी परिसर को और अधिक सुविधायुक्त बनाने का संकल्प लिया है।

श्रेयसी सिंह ने कहा कि कोर्ट परिसर में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके तहत शौचालय, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करना है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

इस मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। कार्यक्रम में कई अधिवक्ता, अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें- अचानक जदयू कार्यालय पहुंचे BJP मंत्री दिलीप जायसवाल, लालू-राबड़ी की सुरक्षा घटाने पर कही ये बड़ी बात