पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष Suvendu Adhikari के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। गुरुवार को बारासात स्टेट जनरल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शुभेंदु अधिकारी ने इस मामले को राजनीतिक प्रतिशोध से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री Mamata Banerjee और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

मीडिया से बातचीत में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि चंद्रनाथ रथ की हत्या सिर्फ एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि राजनीतिक बदले की भावना का परिणाम हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि भवानीपुर और नंदीग्राम में ममता बनर्जी को राजनीतिक चुनौती देने और हराने की वजह से उनके करीबी लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “अगर चंद्रनाथ मेरे पीए नहीं होते या मैंने ममता बनर्जी को राजनीतिक रूप से नहीं हराया होता, तो शायद उनकी हत्या नहीं होती। यही उनकी हत्या की सबसे बड़ी वजह हो सकती है।”

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चार गोलियां लगने की पुष्टि

शुभेंदु अधिकारी के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि चंद्रनाथ रथ को चार गोलियां मारी गई थीं। उन्होंने इसे पूरी तरह से सुनियोजित हत्या करार देते हुए कहा कि रथ की किसी से न तो निजी दुश्मनी थी और न ही राजनीतिक विवाद। उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि परिवार की मांग है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।

घर के पास हुआ हमला

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात मध्यमग्राम इलाके में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि कार और बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया, रास्ते में रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। यह हमला उनके घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर हुआ।

घटना के दौरान गाड़ी चला रहे उनके ड्राइवर बुद्धदेब बेरा भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उनकी कई सर्जरी की गई हैं और हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

मां बोली – हत्यारों को न मिले फांसी की सजा

इस पूरी घटना को लेकर PA चंद्र की हत्या पर उनकी मां हसिरानी रथ का बयान सामने आया है। उत्तर 24 परगना जिले के चांदीपुर में गुरुवार (7 मई) को मीडिया से बात करते हुए चंद्रनाथ रथ की मां ने आरोपियों के प्रति दयाभाव दिखाया है। बेटे की हत्या के बाद भी उन्होंने आरोपियों के लिए फांसी की मांग नहीं की। उन्होंने कहा, ‘मैं चाहती हूं कि दोषियों को सजा मिले। मैं एक मां हूं, मैं उन्हें फांसी नहीं देना चाहती। मैं उनके लिए आजीवन कारावास चाहती हूं।’ उन्होंने सीधे तौर पर इस हत्या के लिए TMC को जिम्मेदार बताया है।

जांच में जुटीं कई एजेंसियां

शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि राज्य के डीजीपी ने उन्हें जानकारी दी है कि हमले में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर बरामद की गई है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है और जल्द ही मुख्य आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच सीआईडी, फॉरेंसिक टीम और एसआईटी मिलकर कर रही हैं। हालांकि, उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ Mamata Banerjee सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पहले भी पुलिस ऐसी घटनाओं को सुलझाने में सक्षम रही है, लेकिन कई बार उन्हें स्वतंत्र रूप से कार्रवाई करने की अनुमति नहीं दी जाती।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m