हरियाणा सरकार के मंत्री श्याम सिंह राणा ने कैथल में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में 12 शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने राशन गबन की शिकायत पर डिपो होल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
राकेश कथूरिया, कैथल। हरियाणा सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुधवार को आरकेएसडी कॉलेज के सभागार में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए आमजन की शिकायतें सुनीं। बैठक में 7 पुरानी एवं 5 नई शिकायतों पर सुनवाई की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शिकायतों का मौके पर निपटान
सात शिकायतों का मौके पर ही निपटान किया गया, जबकि पांच मामलों में जांच के आदेश देकर अगली बैठक तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
राशन गबन और जांच कमेटी
एक राशन गबन की शिकायत पर डिपो होल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए, वहीं सेक्टर 19 पार्ट-1 में ग्रीन बेल्ट विकसित न करने की शिकायत में एडीसी की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की गई। मंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।


