अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के करगहर थाना क्षेत्र के बाऊर गांव में कल बुधवार को नहर में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक भाई-बहन की पहचान 9 साल की दिव्या कुमारी और उसके छोटे भाई 7 साल के सीटू कुमार के रूप में हुई है। दोनों गांव निवासी अनिल बैठा के पुत्र-पुत्री थे, जो दिल्ली में मजदूरी कर अपने परिवार का गुजर बसर करता था।

छुट्टी में दिल्ली से लौटे थे गांव

दोनों बच्चे भी अपने पिता के साथ दिल्ली में ही रहते थे। हालही में वे सभी स्कूल में गर्मियों की छुट्टी होने के बाद गांव आए हुए थे। मिली जानकारी के अनुसार दोनों भाई-बहन गांव के बगल में स्थित नहर में नहाने गए हुए थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण दोनों की डूबने से मौत हो गई।

ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद निकाला शव

हैरानी की बात यह है कि बच्चों के नहर में नहाने जाने और उनके डूबने की किसी की खबर ही नहीं थी। हादसे की जानकारी उस समय हुई, जब शाम के समय कुछ ग्रामीण नहर के किनारे गए। वहां उनकी नजर नहर के बाहर पड़े दो हवाई चप्पलों पर पड़ी, जिसके बाद लोगों ने किसी अनहोनी को लेकर आशंका जताई।

इसकी सूचना मिलने के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने जब नहर में उतरकर तलाशी की तो काफी मशक्कत के बाद उन्होंने दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला। बच्चों का शव देखते ही पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। जबकि दोनों बच्चों की एक साथ मौत होने से अनिल बैठा पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

छानबीन में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- बिहार में भीषण सड़क हादसा, मछली खरीदने जा रहे 3 किशोरों की दर्दनाक मौत, पसरा मातम