वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा बिगहा पुल के समीप कल बुधवार की शाम हुए भीषण सड़क हादसे में तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी और ताड़ के पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भयावह था कि एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।

मछली खरीदने जा रहे थे तीनों युवक

मृतकों की पहचान जहानाबाद जिले के घोषी थाना क्षेत्र के सैदपुर निवासी 14 वर्षीय अंकुश कुमार, तेल्हाड़ा के कोठरी गांव निवासी 14 वर्षीय तन्नू कुमार तथा 16 वर्षीय सन्नी कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि तीनों श्राद्ध कर्म के कार्यक्रम के बाद बाइक से तेल्हाड़ा बाजार मछली खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान गंगा बिगहा पुल के पास बाइक चालक संतुलन खो बैठा और वाहन खाई में पलटकर ताड़ के पेड़ से जा टकराया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों को खाई से बाहर निकाला। अंकुश की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं गंभीर रूप से घायल तन्नू और सन्नी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन दोनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

छानबीन में जुटी पुलिस

वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई। तेल्हाड़ा थानाध्यक्ष अजीत कुमार टिंकू ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे कैसे हुआ? पुलिस इसकी जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- ‘तो मेरा एनकाउंटर कर दे पटना पुलिस’, खान सर के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होने पर आगबबूला हुए रौशन आनंद