इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की धार्मिक नगरी ओंकारेश्वर में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई शुरू की है। ब्रह्मपुरी क्षेत्र में शासकीय जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बुलडोजर चलाया गया। सिंहस्थ 2028 की तैयारी के मद्दे नजर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने बताया कि यहां ई-कार्ट पार्किंग प्रोजेक्ट के लिए कब्जे हटाए जा रहे हैं। आने वाले सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर में कई विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। प्रशासनिक तैयारियों के तहत पुलिस हाउसिंग, कंट्रोल रूम, PWD की सड़कों और MPT के प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स के लिए भी जमीन खाली कराई जा रही है।
ये भी पढ़ें: गंगा दशमी पर संतो का शिप्रा पूजन: उज्जैन में पेशवाई के साथ सिंहस्थ सा नजारा, विदेशी भक्तों ने भी की पूजा
इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनने वाले वेटिंग हॉल्स हेतु चिन्हित स्थानों से भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि जितने भी प्रोजेक्ट हैं, उनकी राह के जितने भी अड़ंगे हैं, उन सबको हटाया जाएगा, ताकि आगामी सिंहस्थ में किसी प्रकार की कोई समस्या न हो।
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश सरकार सांस्कृतिक वैभव को साथ लेकर विकास के नए मापदंड स्थापित कर रही है। सनातन संस्कृति के वैभव को वैश्विक पटल पर नई उंचाईयां प्रदान करने के लिए सिंहस्थ-2028 को एक “विश्व स्तरीय आयोजन” बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।

