संजीव, सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत के बहालगढ़ थाना क्षेत्र में हुई गोलीकांड की वारदात में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी नवनीत को गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी ऋषिकांत के अनुसार 10 मई 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि कुमासपुर रोड पर एक युवती को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है। सूचना मिलते ही एसयूएजी यूनिट और थाना बहालगढ़ की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपी नवनीत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। आरोपी की पहचान नवनीत निवासी गांव पुठी के रूप में हुई है, जो सदर गोहाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
प्रारंभिक जांच और पूछताछ में सामने आया है कि युवती और आरोपी की पहचान फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत होती थी, लेकिन बाद में किसी बात को लेकर विवाद और अनबन शुरू हो गई। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी नवनीत ने युवती के सिर और पेट में गोली मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने लगातार दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी की जा सके और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा सके।
पूछताछ के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि आरोपी नवनीत खुद को गायक बताता है और वह एक-दो गानों में अभिनय भी कर चुका है। हालांकि पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी विस्तार से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण और पॉक्सो एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में इस केस में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

