सुरेश पांडेय, सिंगरौली। देवसर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कोदबाही मेले में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता एक मामला सामने आया है। मेले में मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे के साथ जमकर मारपीट की, जिससे मेले में काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बना रहा। मेला देखने पहुंचे लोग दहशत में आ गए और तमाशबीन बनकर पूरा नजारा देखते रहे। इस पूरी हिंसक झड़प का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग खुलेआम एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

कोदबाही का यह पारंपरिक मेला स्थानीय नागरिकों, महिलाओं और बच्चों के मनोरंजन का केंद्र होता है। ऐसे सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले आयोजन में घंटों तक मारपीट का सिलसिला चलने से पुलिस और प्रशासनिक इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब दो पक्ष आपस में भिड़कर एक-दूसरे से मारपीट कर रहे थे, तब मौके पर सुरक्षा में तैनात जिम्मेदार अधिकारी और पुलिसकर्मी नदारद थे। मेले में परिजनों और बच्चों के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं में इस घटना से भारी डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस बल मौजूद होता, तो स्थिति इतनी अनियंत्रित नहीं होती।

BIG BREAKING : एमपी के सागर में 9 लोगों की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, जहरीली शराब का शक

वायरल वीडियो के आधार पर जांच जारी

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अब देवसर थाना पुलिस मामले के संज्ञान में आने का दावा कर रही है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल उपद्रवियों की शिनाख्त की जा रही है। पहचान होते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि ऐसे सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m