सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक बेहद चौंकाने और गमगीन कर देने वाला मामला सामने आया है। मोरवा थाना क्षेत्र के भूसा मोड़ में रहने वाली 30 वर्षीया सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। निधि के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर करीब 16 लाख फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: नर्सिंग रजिस्ट्रेशन में फर्जीवाड़ा: फर्जी दस्तावेज लगाकर बनवाओ सर्टिफिकेट; स्वास्थ्य मंत्री और PS के नाम से भी जनरेट हुआ नंबर!
फोन कॉल और वो आखिरी शब्द…
घटना के वक्त निधि अपने एक दोस्त सोनू से फोन पर बातचीत कर रही थीं। बातचीत के दौरान ही सोनू को किसी अनहोनी का आभास हुआ। घबराए सोनू ने बिना वक्त गंवाए रात करीब 8:20 बजे निधि के परिजनों को फोन मिलाया और कहा- ‘आंटी ऊपर जाइए, निधि फांसी लगा रही है!’
दरवाजा तोड़ा तो उड़ गए होश
सोनू का फोन सुनते ही परिजन बदहवास हालत में ऊपर कमरे की तरफ भागे। वहां पहुंचकर देखा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका में परिजनों ने आनन-फानन में दरवाजा तोड़ा, लेकिन अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। निधि कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई मिलीं। परिजन उन्हें तुरंत फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: भाजपा जिला उपाध्यक्ष पर महिला को धमकाने का आरोप: पीड़िता ने दिया रातभर धरना, पुलिस ने दर्ज की FIR; जाने क्या है पूरा मामला?
पुलिस जांच में जुटी, वजह अब भी रहस्य
घटना की सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। निधि ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया और बातचीत के दौरान फोन पर क्या हुआ था, इसकी ठोस वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस अब निधि के मोबाइल डिटेल्स, सीडीआर और दोस्त सोनू के बयानों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


