० मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की समीक्षा, 27 से 30 जुलाई तक AERO अधिकारियों को मिलेगा प्रशिक्षण

संजीव घनगस, सोनीपत। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को लेकर हरियाणा में तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने गुरुग्राम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में गणना प्रपत्रों के सत्यापन, ASDD मामलों की जांच, प्रमुख मतदाताओं के प्रपत्रों का सत्यापन, ड्राफ्ट मतदाता सूची के समयबद्ध मुद्रण एवं वितरण, सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (AERO) के प्रशिक्षण, मतदान केंद्रों के युक्तिकरण और मतदाता सूची के पुनः क्रम निर्धारण सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि जिले में SIR-2026 अभियान की सभी गतिविधियां तय कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जा रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि ASDD के 19.69 प्रतिशत मामलों का सत्यापन बीएलओ द्वारा पूरा किया जा चुका है, जबकि प्रमुख मतदाताओं के गणना प्रपत्रों के सत्यापन का कार्य भी लगभग पूरा होने की स्थिति में है।

उन्होंने बताया कि 27 से 30 जुलाई तक सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (AERO) को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि आगामी चरणों के कार्य अधिक प्रभावी, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरे किए जा सकें।

नेहा सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए प्रत्येक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा, एसडीएम सुभाष चंद्र, सीटीएम सिमरन, डीडीपीओ मनीष मलिक, निर्वाचन तहसीलदार दिनेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।