वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण करने के आरोप में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को सिरगिट्टी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बीते 2 मई से फरार था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। आखिरकार पुलिस ने उसे उसके ससुराल से घेराबंदी कर दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अमन यादव उर्फ राजा के खिलाफ थाना सिरगिट्टी में पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 296 के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक पीड़िता का दैहिक शोषण किया। बाद में उसने दूसरी शादी कर ली और अपने वादे से मुकर गया।
मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी 2 मई से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन वह बार-बार अपना ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चोरभट्ठी कला स्थित अपने ससुराल में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो आरोपी घर के छज्जे पर छिपा मिला। काफी मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


