सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले में रविवार देर रात गश्त के दौरान डायल-112 की पुलिस गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हो गई। नाथूसरी चोपटा थाना क्षेत्र के गांव नहरणा के पास तेज रफ्तार वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। हादसे में वाहन में सवार तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11:30 बजे डायल-112 की टीम नाथूसरी चोपटा से गांव नहरणा की ओर नियमित गश्त पर निकली थी। इसी दौरान चोपटा-भट्टू रोड पर नहरणा गांव के पास वाहन का चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे पेड़ से जा भिड़ी।
हादसे में ये हुए घायल
हादसे में चालक विजय कुमार, एएसआई विजय कुमार और एसपीओ सुनील कुमार घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नाथूसरी चोपटा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिरसा रेफर कर दिया गया।
घायलों में चालक विजय कुमार को नागरिक अस्पताल सिरसा में भर्ती कराया गया है, जबकि एएसआई विजय कुमार और एसपीओ सुनील कुमार का उपचार सिरसा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।हादसे में डायल-112 की गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

