सिरसा साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फेसबुक पर मैरिज ब्यूरो का विज्ञापन देकर महिलाओं से ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को पंजाब से दबोचा है। आरोपियों ने यूके निवासी बनकर एक महिला से करीब 1.38 लाख रुपये हड़प लिए थे।
श्रवण प्रजापति, सिरसा। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरसा साइबर क्राइम थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने मैरिज ब्यूरो का फर्जी विज्ञापन देकर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों को पंजाब के जिला मोगा से गिरफ्तार किया है। कार्यकारी साइबर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सोमबीर ने बताया कि यह कार्रवाई शाह सतनाम पूरा, सिरसा निवासी एक महिला की शिकायत पर की गई है, जिससे आरोपियों ने शादी का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की थी।
फेसबुक विज्ञापन और यूके निवासी बनकर की ठगी
जांच के दौरान सामने आया कि पीड़िता ने 17 अप्रैल 2026 को फेसबुक पर एक मैरिज ब्यूरो का विज्ञापन देखकर उसमें दिए गए नंबर पर संपर्क किया था। आरोपियों ने खुद को यूके (लंदन) का निवासी बताकर महिला का विश्वास जीता। इसके बाद अपराधियों ने ड्रामा रचा कि वह महिला से मिलने भारत आ रहा है, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर उसे सीबीआई ने पकड़ लिया है। महिला ने झांसे में आकर पहले 33,150 रुपये ट्रांसफर किए। इसके तुरंत बाद फिर से इनकम टैक्स का डर दिखाकर 1,05,000 रुपये की और मांग की गई। इस तरह आरोपियों ने कुल 1,38,000 रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
नशे की लत को पूरा करने के लिए बने साइबर ठग
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवांशु उर्फ शिव, सुखजिंद्र सिंह उर्फ सुखा, प्रदीप सिंह उर्फ लक्की, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी और चेतन कुमार के रूप में हुई है, जो सभी पंजाब के मोगा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, ये पांचों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए ही भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों का भी पता लगाया जा सके।

