सिरसा। जिले के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 31 मेडिकल ऑफिसर और विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की थी। लेकिन एक सप्ताह के भीतर चार डॉक्टरों ने पीजी कोर्स के लिए इस्तीफा दे दिया। वहीं, ऐलनाबाद और डबवाली में तैनात दो डॉक्टर पहले दिन से ही बिना सूचना गैरहाजिर हैं। विभाग के मुताबिक, 26 डॉक्टरों ने ड्यूटी ज्वाइन की थी। इस्तीफों और गैरहाजिरी के बाद फिलहाल करीब 20 नए डॉक्टर ही सेवाएं दे रहे हैं। मामले की रिपोर्ट मुख्यालय को भेज दी गई है।
सर्जन की नियुक्ति से मरीजों को राहत की उम्मीद
नागरिक अस्पताल सिरसा में जनरल सर्जन, फिजिशियन और रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति से मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है। जनरल सर्जन की कमी के कारण अस्पताल में सर्जरी से जुड़ी सेवाएं प्रभावित हो रही थीं।
मेडिकल बोर्ड के लिए हर बुधवार फतेहाबाद से सर्जन को डेपुटेशन पर बुलाना पड़ता था। अन्य दिनों में सर्जरी की जरूरत वाले मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था।
सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में रोजाना 3 हजार से ज्यादा मरीज
जिले के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में रोजाना ओपीडी 3 हजार से अधिक रहती है। केवल नागरिक अस्पताल सिरसा में प्रतिदिन करीब 850 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें लगभग 250 गर्भवती महिलाएं शामिल होती हैं।
अस्पताल में रोजाना 25 से 30 डिलीवरी होती हैं। इनमें सात से आठ सिजेरियन केस होते हैं। इसके अलावा, अस्पताल में 150 से अधिक मरीज भर्ती रहते हैं। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में भी बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं।
जिले में मेडिकल ऑफिसर के 67 पद खाली
सिरसा जिले में मेडिकल ऑफिसर के 216 स्वीकृत पदों में से 67 रिक्त थे। कालांवाली, बड़ागुढ़ा और चौपटा सीएचसी में सात-सात पद स्वीकृत हैं। इनमें से प्रत्येक केंद्र पर पांच-पांच पद खाली थे।
चौटाला और ऐलनाबाद सीएचसी में 11-11 पदों के मुकाबले केवल छह-छह डॉक्टर कार्यरत थे। वहीं, रोड़ी, दादू, देसूजोधा, पन्नीवाला मोटा, पनिहारी, बनी, जमाल और द्योतड़ पीएचसी में मेडिकल ऑफिसर के दोनों पद खाली थे। नई नियुक्तियों से जिले के कई स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ी है।
डबवाली को मिले सबसे ज्यादा 11 डॉक्टर
स्वास्थ्य विभाग की सूची के अनुसार, जिले में कुल 31 डॉक्टरों की तैनाती की गई थी। इनके ऑफर लेटर ई-मेल के माध्यम से भेजे गए थे। सभी को 11 अक्टूबर तक ड्यूटी ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए थे।
तैनाती के तहत नागरिक अस्पताल सिरसा में तीन, एसडीसीएच डबवाली में 11 और एसडीसीएच ऐलनाबाद में पांच डॉक्टर नियुक्त किए गए। चौटाला में दो और जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में 10 डॉक्टरों की तैनाती की गई थी।
चार डॉक्टरों ने पीजी कोर्स के लिए दिया इस्तीफा
उप सिविल सर्जन सिरसा डॉ. राजेश चौधरी के अनुसार, 31 डॉक्टरों की सूची में से 26 ने ड्यूटी ज्वाइन की थी। इनमें से चार ने पीजी कोर्स के लिए इस्तीफा दे दिया, जबकि दो डॉक्टर पहले दिन से गैरहाजिर हैं। विभाग ने इसकी सूचना मुख्यालय को भेज दी है। डॉ. चौधरी के मुताबिक, फिलहाल करीब 20 नए डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

