कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। सिरसा में तीन दिन चला दूध बंद आंदोलन भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन दूध के रेट को लेकर पशुपालकों की मांग अभी शांत नहीं हुई है। आंदोलन खत्म होने के बाद पशुपालकों ने मौजूदा कीमत से 10 रुपये प्रति लीटर रेट बढ़ाकर दूध बेचने का फैसला दोहराया है। इसके साथ ही फेट (वसा) के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर सरकार, प्रशासन और मिल्क प्लांटों पर दबाव बनाने की तैयारी भी जारी है।
किसान नेता जसवीर भाटी ने वीडियो जारी कर पशुपालकों और दूध कारोबार से जुड़े लोगों से आंदोलन के दौरान मिले सहयोग को आगे भी जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि तीन दिन की हड़ताल में जिस तरह लोगों ने साथ दिया, उसी तरह आगे भी सहयोग की जरूरत है।
जसवीर भाटी के मुताबिक, पशुपालकों की प्रमुख मांगों में नकली दूध पर रोक लगाना और दूध की फेट के हिसाब से बेहतर भुगतान शामिल है। उन्होंने गाय के दूध की फेट का रेट 16 रुपये और भैंस के दूध की फेट का रेट 13 रुपये करने की मांग रखी है।
10 रुपये बढ़ाकर दूध बेचने का फैसला
आंदोलन के दौरान पंचायत में लिए गए फैसले के आधार पर पशुपालकों से कहा गया है कि आज से दूध की मौजूदा कीमत में 10 रुपये की बढ़ोतरी कर बिक्री की जाए। जिन जगहों पर हड़ताल के कारण दूध की सप्लाई रोकी गई थी, वहां दोबारा सप्लाई शुरू करने की बात कही गई है।
दूधियों से भी बिना विवाद के बढ़े हुए रेट पर दूध बेचने की अपील की गई है। आंदोलन से जुड़े लोगों ने साफ किया कि किसी भी स्थान पर रेट को लेकर झगड़ा या टकराव नहीं होना चाहिए।
पांच साल में बढ़ा खर्च, इसलिए बढ़ी कीमत की मांग
पशुपालकों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों में पशुपालन पर होने वाला खर्च काफी बढ़ गया है। चारा, देखभाल और अन्य खर्चों में बढ़ोतरी के बीच मौजूदा दूध रेट को लेकर असंतोष है। उनका दावा है कि प्रस्तावित रेट बढ़ोतरी से दूध उत्पादकों के साथ-साथ डेयरी कारोबार से जुड़े लोगों को भी राहत मिल सकती है।
अब इस पूरे मामले में अगला बड़ा पड़ाव 17 अक्टूबर को होने वाली बैठक है। सिरसा की जाट धर्मशाला में होने वाली इस बैठक में डेयरी संचालकों, पशुपालकों और दूध उत्पादकों को बुलाया गया है। बैठक में सभी पक्ष अपनी बात रखेंगे और इसके बाद दूध के नए रेट तथा आगे की रणनीति पर फैसला लिया जाएगा।
फिलहाल हड़ताल खत्म होने के बावजूद दूध के दाम बढ़ाने का मुद्दा बरकरार है। ऐसे में 17 अक्टूबर की बैठक के बाद यह साफ होगा कि पशुपालकों की रेट बढ़ाने की मुहिम किस दिशा में आगे बढ़ती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

