सिरसा। हरियाणा के सिरसा जिले स्थित रोड़ी थाना क्षेत्र के गांव झोरड़रोही में शुक्रवार रात करीब 10 से 10.30 बजे पुरानी रंजिश में कांग्रेस नेता के पोते की तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक अपने भाई और भतीजे के साथ रात में खेत में पानी लगाने जा रहा था, तभी बस स्टैंड के पास घात लगाए हमलावरों ने तीनों को घेरकर हमला कर दिया। इस हमले में मृतक का भाई और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतक की पहचान 42 वर्षीय कुलबीर सिंह उर्फ निक्का पुत्र सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। घटना के समय कुलबीर अपने भाई रणधीर सिंह और भतीजे जगदीप सिंह के साथ खेत की सिंचाई के लिए जा रहा था। रास्ते में बस स्टैंड के पास छिपे हमलावरों ने तीनों को रोक लिया और उन पर हमला कर पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां देर रात इलाज के दौरान कुलबीर उर्फ निक्का की मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और रोड़ी थाना पुलिस ने मौके पर जाकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस फिलहाल हमलावरों की पहचान और जानकारी जुटाने के साथ साक्ष्य एकत्र करने में लगी है।

जमानत पर जेल से बाहर आया था कुलबीर

मृतक कुलबीर उर्फ निक्का के दादा पोहला सिंह कांग्रेस के सक्रिय नेता रहे हैं। गांव में इनका पुराना विवाद चल रहा था। कुछ साल पहले गांव के ही गंगा सिंह के साथ झगड़ा हुआ था, जिसमें गंगा सिंह की मौत हो गई थी। उस मर्डर केस में पोहला सिंह और निक्का सहित अन्य लोग नामजद थे। इसी मामले में निक्का जेल में बंद था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया हुआ था।

शराब ठेके को लेकर शुरू हुई थी पुरानी रंजिश

घटना के पीछे शराब कारोबार से जुड़ा पुराना विवाद माना जा रहा है। कांग्रेस नेता पोहला सिंह और दूसरे पक्ष के गंगा सिंह, दोनों शराब ठेके का काम करते थे। ठेके को लेकर ही दोनों पक्षों में रंजिश शुरू हुई थी। पिछले कुछ सालों से दोनों पक्षों के बीच शांति बनी हुई थी, लेकिन शुक्रवार रात हुए इस हमले के बाद गांव में तनाव और पुरानी रंजिश फिर से बढ़ गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m