सिरसा के रामनगरिया इलाके में 10वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र अनमोल ने अपने घर के बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिरसा। जिले के रामनगरिया इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले 17 वर्षीय छात्र ने अपने घर के बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्र पिछले कुछ दिनों से पढ़ाई को लेकर मानसिक तनाव में था।
मृतक की पहचान अनमोल के रूप में हुई है। उसके पिता कृष्ण कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सोमवार रात पूरा परिवार एक साथ बैठकर खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गया था। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे जब परिवार के सदस्य जागे तो अनमोल अपने कमरे में नहीं मिला। काफी तलाश के बाद जब परिजन बाथरूम पहुंचे तो वह फंदे से लटका मिला।
परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मामले की जांच कर रहे सहायक उपनिरीक्षक (ASI) कृष्ण कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में पढ़ाई के तनाव की बात सामने आई है, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।


