सरोज कुमार गुप्ता/सीतामढ़ी/रुन्नीसैदपुर। बिहार के सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी पिता ने शराब के नशे में अपनी ही सगी बेटी के साथ दुष्कर्म करने का घिनौना प्रयास किया। घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
खाना बनाते समय बना निशाना
मिली जानकारी के अनुसार यह हृदयविदारक घटना 5 जुलाई की सुबह हुई। पीड़िता अपने घर में रसोई का काम कर रही थी। उसी दौरान उसका पिता अत्यधिक शराब के नशे में घर पहुंचा। घर में अकेले पाकर आरोपी ने अचानक अपनी बेटी पर हमला कर दिया। उसने जबरन पीड़िता का मुंह दबाया और उसे घसीटते हुए कमरे के अंदर ले गया। हैवानियत की हदें पार करते हुए उसने पीड़िता के कपड़े फाड़ दिए और दुष्कर्म की कोशिश की।
ग्रामीणों की सतर्कता से बची आबरू
मौके पर घटी इस भयावह घटना के दौरान पीड़िता ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी जान बचाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों की भीड़ को अपनी तरफ आते देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया लेकिन मुस्तैद ग्रामीणों ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता के कारण आज पीड़िता सुरक्षित है।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस की डायल 112 सेवा को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रुन्नीसैदपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने आरोपी पिता को पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा इस घटना के बाद से मैं गहरे सदमे में हूं और बुरी तरह डरी हुई हूं।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में इस घटना की चौतरफा निंदा हो रही है और लोग आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पीड़िता को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए मामले की गहन जांच में जुटी है। समाज में इस तरह की घटनाएं पारिवारिक सुरक्षा और नैतिक पतन पर एक गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं।

