सीतामढ़ी। जिले में शनिवार सुबह सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया-रामपट्टी चौक के पास पथरिया श्मशान के नजदीक मॉर्निंग वॉक पर निकले जिला परिषद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर लगातार फायरिंग की। बताया जा रहा है कि करीब 8 गोलियां लगने से बैद्यनाथ महतो की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। बैद्यनाथ महतो वार्ड संख्या 13 की जिला परिषद सदस्य दिलखुश देवी के पति थे। हत्या का आरोप गांव के ही त्रिभुवन कुशवाहा उर्फ एजाज पर लगाया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक एजाज कथित तौर पर गांव में शराब की सप्लाई करता था। बैद्यनाथ महतो इसका विरोध करते थे और उसे शराब का कारोबार बंद करने के लिए कहते थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

पहले भी हुई थी फायरिंग

ग्रामीणों के अनुसार बैद्यनाथ महतो पर इससे पहले 28 अगस्त को भी फायरिंग की गई थी। इस मामले में डुमरा थाना में FIR दर्ज कराई गई थी। परिजनों और समर्थकों का आरोप है कि फायरिंग के बाद से बैद्यनाथ को लगातार धमकियां मिल रही थीं, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला परिषद से जुड़े लोगों ने डुमरा थाना का घेराव भी किया था।

आरोपी का घर फूंका

हत्या की खबर मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने कथित आरोपी के घर में आग लगा दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 12 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। SP और SDM भी घटनास्थल पर पहुंचे।
इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस टीम पर हुए पथराव में इंस्पेक्टर अनिल राम के सिर में चोट लगी। वहीं दो दरोगा को भी ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आरोपी और थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग की है। इधर, पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।