सीवान। बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा एक्शन जारी है। सीवान जिले में सोमवार की सुबह ऑपरेशन लंगड़ा के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यहां जामापुर सोना दुकान लूटकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। भागने की कोशिश कर रहे बदमाश पर पुलिस ने गोलियां चलाईं, जो उसके दोनों घुटनों के आर-पार हो गईं। घायल आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर घुरघाट निवासी अंकित कुमार सिंह (26 वर्ष, पिता श्रीनिवास सिंह) के रूप में हुई है। इस पूरी कार्रवाई पर सीवान पुलिस फिलहाल आधिकारिक रूप से कुछ भी बोलने से बच रही है।

​एनकाउंटर के बाद पटना रेफर, डॉक्टर ने जताई हैरानी

​मुठभेड़ में घायल अंकित को तड़के करीब तीन बजे सीवान के सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस उसे तुरंत पटना ले गई। सदर अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, युवक के दोनों घुटनों में गोली लगी थी और बुलेट आर-पार हो चुकी थी। हालांकि, उसकी हालत सामान्य थी और उसका इलाज सीवान में भी मुमकिन था, लेकिन पुलिस सुरक्षा कारणों से उसे पटना ले गई।

​दिनदहाड़े 20 लाख के जेवरात और नकदी की हुई थी लूट

​यह मामला जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित ‘ओम साई ज्वेलरी शॉप’ से जुड़ा है। बीते 5 मई को दो अपाचे बाइक पर सवार होकर आए 5 नकाबपोश अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने दुकान में घुसकर हथियार के बल पर सबको बंधक बनाया और महज कुछ मिनटों में 300 ग्राम सोना, 9 किलोग्राम चांदी के जेवर और भारी मात्रा में कैश समेट लिया। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है।

​जनता ने दिखाई थी हिम्मत, एक लुटेरे को दबोचा था

​लूटपाट के बाद दहशत फैलाने के लिए अपराधियों ने हवा में करीब 10 राउंड फायरिंग की। इसी बीच स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए एक अपराधी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। उग्र भीड़ ने अपराधियों की एक बाइक को भी फूंक दिया था। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा था।

​सम्राट सरकार के 33 दिनों में छठा एनकाउंटर

​बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के गठन को महज 33 दिन हुए हैं, और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए यह छठा एनकाउंटर है। सरकार के इस छोटे से कार्यकाल में अब तक 2 ‘फुल’ और 4 ‘हाफ’ एनकाउंटर हो चुके हैं। इससे पहले पटना के बिहटा में विदेशी साव, सीवान में सोनू यादव और छोटू यादव, भागलपुर में रामधनी सिंह और पटना में दिलीप कुमार जैसे खूंखार अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा कस चुका है।