Weather update: बिहार में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है और भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया है। राज्य के 9 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर चुका है। रविवार को रोहतास जिला सबसे गर्म रहा, जहां पारा रिकॉर्ड 44°C के करीब पहुंच गया। इसके अलावा बक्सर, कैमूर और शेखपुरा जैसे इलाकों में भी भीषण तपिश रही, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। राजधानी पटना भी इससे अछूती नहीं रही; वहां तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान दिखे और रविवार को अधिकतम तापमान 40.6°C दर्ज किया गया।
आज 3 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने आज राज्य के 3 जिलों में लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने आम लोगों को दोपहर के समय गर्म हवाओं से बचने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 5 दिनों तक पटना सहित बिहार के अधिकांश हिस्सों में आसमान बिल्कुल साफ रहेगा। तेज धूप निकलने के कारण आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की आशंका है।
पटना में अगले पांच दिन झुलसाने वाली गर्मी
राजधानी पटना में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। 17 से 21 मई के बीच यहां का अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। आज पटना का पारा 41 डिग्री तक जा सकता है। हालांकि, 19 मई को मामूली गिरावट के साथ इसके 38 डिग्री रहने की उम्मीद है, लेकिन 20 मई को यह फिर बढ़कर 39 डिग्री और 21 मई को 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
18 से 20 मई के बीच इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
भले ही मैदानी इलाकों में धूप का सितम जारी है, लेकिन मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में राहत की उम्मीद भी जताई है। 18 मई से 20 मई के बीच भागलपुर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, कटिहार, अररिया, मुंगेर, खगड़िया, दरभंगा और मधुबनी जिलों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान पटना के आसमान में भी हल्के बादल छाए रह सकते हैं।
प्री-मानसून गतिविधियां कमजोर, सीमांचल में सबसे ज्यादा वर्षा
पिछले 24 घंटों में पूरे राज्य में बारिश की रफ्तार काफी धीमी रही है। वर्तमान में प्री-मानसून का असर कम होता दिख रहा है। हालांकि, इस सीजन में अब तक बिहार में कुल 122.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य (50.6 मिमी) से 143% अधिक है। हालिया बारिश मुख्य रूप से सीमांचल और उत्तर बिहार में देखी गई, जहां पूर्णिया के बैसा में सबसे ज़्यादा 14.6 मिमी, अररिया के सिकटी में 12.4 मिमी और किशनगंज के पोठिया में 10.2 मिमी पानी बरसा।

