विकास कुमार, सहरसा। खान सर कोचिंग विवाद प्रकरण को लेकर जेल में बंद ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की कल नेपाल के एक होटल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद देर शाम प्रिंस यादव का शव उनके पैतृक गांव सहरसा जिले के धमसैना गांव पहुंचा। प्रिंस यादव का शव गांव पहुंचते ही परिजनों और पूरे गांव में कोहराम मच गया।

पप्पू यादव ने परिवार को बंधाया ढांढस

प्रिंस यादव के निधन पर उनके अंतिम दर्शन करने और परिवार को सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा है। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव समेत पटना के कई शिक्षक धमसैना गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सरकार से मामले की कड़ी जांच की मांग करते हुए दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

रौशन आनंद को मिल सकती है जमानत

एक तरफ जवान बेटे का शव घर में पड़ा हुआ है। वहीं, दूसरा बेटा रौशन आनंद पटना की जेल में बंद है, जिसकी जमानत याचिका पर आज सोमवार की सुबह सुनवाई होनी है। सुबह की कोर्ट में होने वाली सुनवाई के दौरान रौशन आनंद को आज जमानत मिलने की उम्मीद है। यदि किसी कारण वश उन्हें जमानत नहीं मिलती है, तो वह पैरोल पर बाहर आकर अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं।

खान सर को माफ नहीं करेगा बिहार – एसके झा, शिक्षक

पटना के जाने-माने शिक्षक एसके झा भी धमसैना गांव पहुंचे और प्रिंस यादव के निधन पर शोक जताया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने खान सर के खिलाफ अपनी नाराजगी भी जताई है। उन्होंने कहा कि, यह घटना नहीं, यह अनर्थ है। उन्होंने कहा कि, खान सर का सिर्फ एक कि 8 से 10 से राउंड गोली हमारे सामने चली, यह घटना उसी का परिणाम है। इस बात के लिए खान सर को बिहार कभी माफ नहीं करेगा।

एसके झा ने कहा कि हमने पहले भी वीडियो बनाकर कहा था कि इस बयान के लिए आप माफी मांग लीजिए, लेकिन अब जो घटना घटी है, अब माफी शब्द भी बहुत छोटा है। इसकी जवाबदेही आपको लेनी होगी। बिहार इसके लिए आपको इस झूठ के लिए कभी माफ नहीं करेगा।

गिरफ्तारी के डर से नेपाल में छिपे थे प्रिंस

गौरतलब है कि पटना कोचिंग विवाद में रौशन आनंद और उनके भाई प्रिंस यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। रौशन आनंद को तो पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रिंस यादव नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में अपने कुछ साथियों के साथ छिपे हुए थे, जिनकी कल संदिग्ध हालत में मौत हो गई। इस घटना के लिए लोग खान सर को जिम्मेदार ठहरा रहे है।

ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: मौसम का डबल अटैक! कहीं मूसलाधार बारिश का अलर्ट, तो कहीं भीषण गर्मी से हाल बेहाल