सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। जिला मुख्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित बिलौजी क्षेत्र इन दिनों लोग खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं। जिसकी वजह है सिंगरौली नगर निगम की वो लापरवाही जो कभी भी किसी बड़े हादसे या जनहानि का कारण बन सकती है। वर्षों से बंद और जर्जर खड़ी पानी की एक विशाल टंकी अब इलाके के लोगों के लिए मौत का कारण बन सकती है। बीती रात इस टंकी का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ऐसे में अब सवाल यह उठता है कि क्या जिम्मेदार प्रशासनिक अमला और नगर निगम किसी अनहोनी का इंतजार कर रहे हैं?

ये भी पढ़ें : ‘एकलव्य’ वेयरहाउस के बाद रायसेन के ‘सर्वोदय’ में महाघोटाला: ‘डबल लॉक’ गोदाम से 80 लाख की मूंग रहस्यमय तरीके से गायब

आधी रात जोरदार आवाज सुन लोग सहमे

स्थानीय निवासियों के अनुसार बीती रात अचानक एक जोरदार आवाज सुनाई दी। जब लोग डरकर अपने घरों से बाहर निकले तो देखा कि जर्जर पानी की टंकी का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर चुका था। गनीमत यह रही कि हादसा आधी रात के वक्त हुआ और उस समय इस जर्जर टंकी के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना एक बड़ा हादसा होना तय था।

शिकायतों के बाद भी सो रहा जिम्मेदार विभाग

यह कोई पहली बार नहीं है जब इस टंकी से मलबा गिरा हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि टंकी का ढांचा इतना कमजोर हो चुका है कि उसके टुकड़े अक्सर गिरते रहते हैं। स्थानीयों का कहना है कि इस जर्जर टंकी को हटाने के लिए नगर निगम और प्रशासन से कई बार लिखित और मौखिक शिकायत कर चुके हैं। यह टंकी रिहायशी इलाके और सड़क के बिल्कुल किनारे है। यह कभी भी पूरी तरह जमींदोज हो सकती है और यहां रहने वाले सैकड़ों लोगों की जान दांव पर लगी है।

नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल

कलेक्टर कार्यालय और जिला मुख्यालय के नाक के नीचे महज आधा किलोमीटर की दूरी पर ऐसी जर्जर इमारत का होना नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। घनी आबादी के बीच खड़ी यह टंकी अब एक ‘टाइम बम’ की तरह है जिसका हर एक सेकंड इलाके के लोगों के लिए खतरनाक है।

ये भी पढ़ें : इंदौर में कुत्तों का खूनी आतंक! युवक के गुप्तांग पर हमला , 10 घंटे में 42 लोगों को काटा, निगम की लापरवाही पर सवाल  

घटना के बाद भी नगर निगम गहरी नींद में

अब देखना यह होगा कि क्या इस गंभीर घटना के बाद भी नगर निगम गहरी नींद में सोया रहेगा, या फिर समय रहते इस जर्जर पानी की टंकी को ध्वस्त कर बिलौजी क्षेत्र के नागरिकों को इस जानलेवा डर से मुक्ति दिलाएगा?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m