सोनू वर्मा, नूंह। नूंह। हरियाणा में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की फरीदाबाद यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 13.71 ग्राम हेरोइन (स्मैक) बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुनफेद पुत्र बासिर, निवासी गांव भूतलाका, जिला नूंह के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, सहायक उप-निरीक्षक बिजेंद्र सिंह को सूचना मिली थी कि आरोपी भूतलाका मोड़ स्थित पियाऊ के पास नशीले पदार्थ की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत छापेमारी की और आरोपी को मौके से दबोच लिया।
तलाशी के दौरान राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में आरोपी के पास से हेरोइन बरामद हुई।
रिमांड पर पूछताछ जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब उससे उसके नेटवर्क और अन्य साथियों को लेकर पूछताछ कर रही है।
नशा मुक्त अभियान तेज
HSNCB ने बताया कि राज्य में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान और तेज किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे की जड़ों को खत्म करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनता से अपील
ब्यूरो ने आम जनता से अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को हेल्पलाइन 1933 या 90508-91508 पर साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

