दिल्ली की सड़कों को अब आधुनिक और ऊर्जा-कुशल रोशनी से जगमगाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की अध्यक्षता में आयोजित व्यय वित्त समिति (EFC) की हाइब्रिड बैठक में एक बड़ी परियोजना को मंजूरी दी गई, जिसके तहत राजधानी की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को पूरी तरह स्मार्ट LED प्रणाली में बदला जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना पर लगभग 473.24 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना के तहत लोक निर्माण विभाग (PWD) की सड़कों पर लगी करीब 96 हजार स्ट्रीट लाइटों (Street lights) को चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट LED लाइटों से बदला जाएगा। इन स्मार्ट लाइटों (Smart Light) के जरिए न सिर्फ बिजली की खपत कम होगी, बल्कि रखरखाव और निगरानी भी डिजिटल सिस्टम (Digital System) के जरिए अधिक प्रभावी तरीके से की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई व्यय वित्त समिति (EFC) की हाइब्रिड बैठक में इस परियोजना को मंजूरी दी गई, जिसमें PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। यह परियोजना मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा बजट 2026-27 में की गई उस घोषणा का हिस्सा है, जिसमें राजधानी की पारंपरिक स्ट्रीट लाइटों को ऊर्जा-कुशल स्मार्ट LED प्रणाली में बदलने की योजना प्रस्तुत की गई थी।
96 हजार स्ट्रीट लाइटें होंगी स्मार्ट LED
वर्तमान में लोक निर्माण विभाग (PWD) की सड़कों पर लगभग 45 हजार पुरानी एचपीएसवी (High Pressure Sodium Vapour) लाइटें और करीब 51 हजार LED लाइटें लगी हुई हैं। कुल मिलाकर यह नेटवर्क लगभग 96 हजार स्ट्रीट लाइटों और 51,160 पोल्स पर आधारित है। मौजूदा स्ट्रीट लाइट सिस्टम में कई तकनीकी और सुरक्षा संबंधी समस्याएं सामने आ रही थीं। इनमें प्रमुख रूप से लाइटों की रियल-टाइम निगरानी की सुविधा का अभाव, खराब लाइटों की जानकारी केवल शिकायत मिलने के बाद ही मिलना ,कई इलाकों में लंबे समय तक डार्क स्पॉट बने रहना ,पर्याप्त रोशनी न होने से सड़क सुरक्षा पर असर ,महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं ,अलग-अलग प्रकार की लाइटों के कारण प्रकाश में असमानता ,अधिक बिजली खपत और बढ़ता ऊर्जा खर्च ,प्रकाश प्रदूषण की समस्या सरकार का मानना है कि स्मार्ट LED सिस्टम लागू होने के बाद इन समस्याओं में काफी सुधार होगा और स्ट्रीट लाइटों की निगरानी रियल-टाइम में की जा सकेगी।
केंद्रीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर होगा
अधिकारियों के अनुसार, नई स्मार्ट LED प्रणाली मौजूदा रोशनी व्यवस्था की कई समस्याओं का व्यापक समाधान देगी। परियोजना के तहत लोक निर्माण विभाग (PWD) की सड़कों पर लगी सभी पुरानी एचपीएसवी लाइटों और मौजूदा LED लाइटों को चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट LED लाइटों में बदला जाएगा। इसके साथ ही भविष्य की जरूरतों और उन क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए जहां रोशनी की कमी है, लगभग 5 हजार अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट पोल लगाने का भी प्रावधान किया गया है।
नई स्मार्ट LED स्ट्रीट लाइट परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता इसका केंद्रीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (CCC) होगा। इस प्रणाली के जरिए राजधानी की सभी स्ट्रीट लाइटों की वास्तविक समय (रियल-टाइम) में निगरानी की जा सकेगी। इस तकनीक से किसी भी स्ट्रीट लाइट के खराब होने की जानकारी तुरंत मिल जाएगी, जिससे उसे बिना देरी के ठीक किया जा सकेगा। इसके अलावा, जरूरत के अनुसार लाइटों को दूर से नियंत्रित भी किया जा सकेगा। नई व्यवस्था में स्ट्रीट लाइटों की रोशनी की तीव्रता को जरूरत के हिसाब से 90% तक कम या बढ़ाने की सुविधा होगी। इससे न सिर्फ बेहतर प्रकाश प्रबंधन संभव होगा, बल्कि ऊर्जा की खपत में भी बड़ी कमी आएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, यह परियोजना दीर्घकालिक वित्तीय बचत का भी माध्यम बनेगी। LED प्रणाली लागू होने के बाद हर वर्ष लगभग 25 करोड़ रुपये तक की बिजली बचत होने का अनुमान है। इसके अलावा पांच वर्षों में मौजूदा व्यवस्था की तुलना में बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आएगी।
दिल्ली की सड़कें होंगी डार्क स्पॉट मुक्त
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस योजना से राजधानी की सड़कें डार्क स्पॉट मुक्त होंगी, महिलाओं की सुरक्षा मजबूत होगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। साथ ही दिल्ली को एक आधुनिक, सुरक्षित और ऊर्जा-कुशल प्रकाश व्यवस्था मिलेगी। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार का लक्ष्य है कि इस परियोजना को आगामी दिवाली तक पूरा कर लिया जाए, ताकि त्योहार के समय पूरी दिल्ली नई और चमकदार रोशनी से जगमगा उठे। बैठक के दौरान PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने सुझाव दिया कि इस महत्वपूर्ण योजना का एक विशेष नामकरण भी किया जाना चाहिए। उनके इस सुझाव पर मुख्यमंत्री ने सहमति जताई है, जिससे संकेत मिलता है कि आने वाले समय में इस परियोजना को एक आधिकारिक ब्रांड या नाम के साथ लागू किया जा सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

